मेल-एक्सप्रेस और चेयर कार सर्विस शुरू करने की संभावना सामने रखते हुए रेलवे बोर्ड ने न केवल अपनी वर्तमान स्पेशल ट्रेनों बल्कि अपनी आगामी सभी ट्रेनों में यात्रा के लिए 22 मई से प्रतीक्षा सूची का प्रावधान शुरू करने संबंधी आदेश बुधवार को जारी किया। ये ट्रेनें 22 मई से चलेंगी और इनमें आगामी 15 मई से बुकिंग शुरू होगी। इन ट्रेनों में सफर के लिए आईआरसीटीसी की वेबसाइट के जरिए ही बुकिंग होगी।
हालांकि रेलवे ने इन ट्रेनों में प्रतीक्षा सूची की सीमा एसी थ्री टायर के लिए 100, एसी टू टायर के लिए 50, स्लीपर क्लास के लिए 200, चेयर कार के लिए 100 और प्रथम एसी तथा एग्जीक्यूटिव क्लास के लिए 20-20 तय की है। इस तरह उसने कन्फर्म्ड टिकट के लिए मारामारी कम करने की कोशिश की है। 22 मई से शुरू हो रही यात्राओं के वास्ते टिकटों की बुकिंग के लिए यह बदलाव 15 मई से प्रभावित होगा।
रेलवे के जोनों को भेजे गये बोर्ड के इस आदेश में संकेत दिया गया है कि रेलवे वर्तमान वातानुकूलित ट्रेनों के बजाय मिश्रित सेवाएं शुरू करने की योजना बना रहा है। इसका यह भी मतलब है कि बड़े शहरों के साथ साथ छोटे शहरों के लिए भी सेवाएं शुरू की जा सकती हैं। फिलहाल राजधानी स्पेशल बड़े शहरों के लिए सेवाएं मुहैया करा रही है। हालांकि 22 मई से कौन कौन सी ट्रेनें चलेंगी इसकी लिस्ट अभी सामने नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि बड़े शहरों के अलावा अब रेलवे छोटे शहरों के लिए भी ट्रेन सेवा शुरू कर सकती है।


Download Android App
Download iOS App



