दिल्ली में 25 अप्रैल को MCD मेयर का चुनाव होना है और इस बार मुकाबला एकतरफा होता दिख रहा है। BJP ने अपने मेयर और डिप्टी मेयर उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने राजा इकबाल सिंह को मेयर पद का उम्मीदवार बनाया है, वहीं जय भगवान यादव को डिप्टी मेयर की जिम्मेदारी दी गई है। खास बात यह है कि आम आदमी पार्टी (AAP) ने इस बार मेयर चुनाव में हिस्सा न लेने का फैसला किया है। ऐसे में BJP के लिए रास्ता और भी आसान हो गया है। मेयर बनने के लिए कुल 132 वोट चाहिए होते हैं, और BJP के पास 135 वोट का संख्याबल है। इसमें पार्षद, विधायक और सांसद शामिल हैं। ऐसे में राजा इकबाल सिंह का मेयर बनना लगभग तय माना जा रहा है।
राजा इकबाल सिंह कौन हैं?
राजा इकबाल सिंह दिल्ली के मुखर्जी नगर से BJP पार्षद हैं और सिख समुदाय से आते हैं। वो फिलहाल MCD में नेता प्रतिपक्ष हैं। इससे पहले वह उत्तरी दिल्ली नगर निगम के मेयर रह चुके हैं। इसके अलावा वह सिविल लाइन ज़ोन में वार्ड समिति के चेयरमैन भी रह चुके हैं। यह उनका पार्षद के रूप में दूसरा कार्यकाल है। शिक्षा की बात करें तो उन्होंने गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज, दिल्ली यूनिवर्सिटी से B.Sc. की पढ़ाई की है और मेरठ के चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी से LLB की डिग्री ली है।
जय भगवान यादव होंगे डिप्टी मेयर उम्मीदवार
BJP ने जय भगवान यादव को डिप्टी मेयर पद के लिए उम्मीदवार बनाया है। वे नरेला ज़ोन के बेगमपुर वार्ड से पार्षद हैं और फिलहाल MCD में विपक्ष के उपनेता हैं। पार्टी ने उम्मीद जताई है कि उनकी टीम MCD में बेहतर प्रशासन देगी।
AAP ने क्यों छोड़ा मैदान?
AAP के पास इस वक्त 119 वोट हैं, जो बहुमत से कम हैं। BJP के पास 135 वोट हैं। BJP प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि AAP को अपनी हार का पहले से एहसास था, इसलिए वे मुकाबले से हट गए।


Download Android App
Download iOS App



