भाजपा पर नफरत और हिंसा फैलाने के कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के आरोपों पर पलटवार करते हुए केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने आज कहा कि भगवा पार्टी कांग्रेस द्वारा लगाई गई आग को बुझाने की कोशिश कर रही है। पार्टी की एक रैली को संबोधित करते हुए सिंह ने राहुल गांधी से कुछ सवाल किये, जिन्होंने कल औपचारिक रूप से कांग्रेस की कमान संभालने के बाद अपने पहले वक्तव्य में भाजपा पर आरोप लगाए थे। सिंह ने कहा, कांग्रेस को नया अध्यक्ष मिला है। मैं उनको बधाई देता हूं। वह कहते हैं देश में अशांति के लिए भाजपा जिम्मेदार है। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि सांप्रदायिक तनाव, आतंकवाद, नक्सलवाद और कश्मीर में अशांति के पीछे कौन है? गृह मंत्री ने कहा, देश में वंशवादी राजनीति के पीछे कौन है? राहुल गांधी को बता दें कि भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस द्वारा लगाई गई आग को बुझाने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया को मालूम है कि केवल भारतीय जनता पार्टी देश चलाना जानती है। भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा, गुजरात और हिमाचल प्रदेश के चुनाव परिणाम (कल) इस बात को फिर से साबित कर देंगे। एक्जिट पोल में पहले ही यह अनुमान लगाया गया है कि हम इन दोनों राज्यों में सरकार बनाने जा रहे हैं। कर्नाटक में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा सिद्धरमैया सरकार के गलत कामों को बेनकाब करने के लिए परिवर्तन यात्रा का आयोजन कर रही है। इसी यात्रा के तहत यह रैली की गयी।


Download Android App
Download iOS App



