मैटरनिटी लीव (मातृत्व लाभ अवकाश) के बाद कॉरपोरेट सेक्टर में लौटने की इच्छा रखने वाली महिला पेशेवरों के लिए एयरबस इंडिया ने एक महत्वाकांक्षी कार्यक्रम ‘फ्लाई अगेन’ शुरू किया है, जिसका मकसद ढांचागत मॉनिटरिंग, कुशलता बेहतर बनाने और ऑनबोर्डिग के माध्यम से पेशेवर जीवन में महिलाओं की वापसी को सुनिश्चित करना है।
कंपनी ने एक बयान में कहा कि एयरबस इंडिया चुनिंदा उम्मीदवारों की कुशलता में अंतर को पाटने के लिए मेंटरशिप प्रोग्राम, फंड रिटर्नशिप और ट्रेनिंग वर्कशॉप का आयोजन करेगी। कंपनी रिटर्नी प्रोग्राम के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए जॉब फेयर भी लगाने जा रही है। एयरबस इंडिया एंड साउथ एशिया के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक आनंद स्टैनली ने कहा, ‘एयरबस सभी के लिए समान अवसर तैयार करने में भरोसा करती है।
आज हम नेतृत्व भूमिका में अधिक महिलाओं को ला रहे हैं और ऐसा करना तब तक जारी रखेंगे जब तक यह अपवाद नियम नहीं बन जाता है।’ उन्होंने कहा कि ‘फ्लाई अगेन’ महिलाओं को उनकी जरूरतें पूरी करने में मदद करेगा और इसके साथ ही कार्यबल में विविधता और समावेशन को बढ़ावा देगा। इसके अलावा कॉरपोरेट सेक्टर में लौटने की इच्छा रखने वाली चुनिंदा महिलाएं उसी ग्रेड और स्तर पर संगठन का हिस्सा बनेंगी जो उनकी प्रतिभा और विषेशज्ञता से मेल खाता हो।
एयरबस इंडिया एंड साउथ एशिया के मानव संसाधन प्रमुख सूरज क्षेत्री ने कहा, ‘ये रिटर्नी इंटर्नशिप नहीं बल्कि पूर्णकालिक रोजगार अवसर होंगे जो हम कॉरपोरेट सेक्टर में लौटने वाली महिलाओं को देंगे।’ उन्होंने कहा, ‘अत्यधिक कुशल महिलाओं का एक समूह है जो एक ब्रेक के बाद काम पर लौटना चाहता है। ‘फ्लाई अगेन’ के माध्यम से हम विविध प्रतिभाओं को अपने साथ जोड़ने और उन्हें बनाए रखने की दिशा में काम कर रहे हैं।’


Download Android App
Download iOS App



