बिहार : बिहार के जहानाबाद से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक मुंद्रिका सिंह यादव का आज निधन हो गया। वह 72 वर्ष के थे।राजद के प्रधान महासचिव श्री यादव कुछ दिनों से अपने विधानसभा क्षेत्र जहानाबाद में थे और इसी दौरान वह डेंगू की चपेट में आ गये। उच्च रक्तचाप और मधुमेह से पहले से हीं पीड़ति श्री यादव की तबियत डेंगू की चपेट में आने के बाद खराब हो गयी और उन्हें ब्रेन हैमरेज हो गया। इसके बाद उन्हें पटना के एक निजी अस्पताल में कल भर्ती कराया गया था जहां आज उनका निधन हो गया।
श्री यादव के परिवार में पत्नी, चार पुत्र और एक पुत्री है। वह सिंचाई विभाग से इस्तीफा देकर पहली बार वर्ष 1985 में शोषित समाज दल की टिकट पर कुर्था विधान सभा से चुनाव लड़ थे जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ था। वर्ष 1990 में इसी विधानसभा क्षेत्र से उन्होंने जनता दल उम्मीदवार बनकर जीत दर्ज की थी जिसके बाद उन्हें लालू प्रसाद यादव मंत्रिमंडल में स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया था।वर्ष 1995 में जहानबाद विधानसभा क्षेत्र से एक बार फिर वह विजयी रहे। उन्होंने वर्ष 2000 में पाला बदल लिया और जनता दल यूनाइटेड(जदयू) के टिकट पर कुर्था विधानसभा से चुनाव लड़ जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़। इसके बाद वह फिर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) में शामिल हो गये और 2004 में विधान परिषद के सदस्य बने।
वर्ष 2015 में हुए विधानसभा के चुनाव में राजद के टिकट पर वह जहानाबाद से विजयी हुए।श्री यादव का शव उनके विधानसभा क्षेत्र जहानाबाद और उसके बाद उनके पैतृक अरवल जिले के सोनभद, के डारी बिगहा गांव ले जाया जायेगा। उनका अंतिम संस्कार कल पटना के बांसघाट पर राजकीय सम्मान के साथ किया जायेगा। इस बीच राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने विधायक श्री यादव के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए इसे राजनीतिक जगत के लिये अपूरणीय क्षति बताया है। उन्होंने श्री यादव के निधन को व्यक्तिगत क्षति बताया और कहा कि उनकी पैठ समाज के सभी वर्ग में थी।
संवेदनशील और जुझारू नेता थे। क्षेत्र के लोगों के साथ उनका गहरा लगाव था। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और उनके परिजनों को धैर्यधारण करने की शक्ति प्रदान करे। वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी और पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव ने भी श्री यादव के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि श्री यादव राजद के कद्दावर नेता होने के साथ ही समाज के कमजोर वर्गो, वंचितों और शोषितों के भी नेता थे। गरीबों की आवाज को हमेशा उठाते रहे तथा सामाजिक न्याय के पक्षधर रहे। ईश्वर उनके परिजनों, समर्थकों एवं शुभचिंतकों को इस आघात को सहन करने की शक्ति प्रदान करे।


Download Android App
Download iOS App



