कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा आम आदमी पार्टी (आप) के खिलाफ लगाए गए आरोप पर पलटवार करते हुए आप सांसद संजय सिंह ने मंगलवार को कहा कि अपनी पार्टी की नाकामी छुपाने के लिए राहुल झूठी सफाई पेश कर रहे हैं।
राहुल ने आरोप लगाया था कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ-भाजपा ने लोकतंत्र को समाप्त करने और यूपीए सरकार को गिराने के लिए इंडिया अगेंस्ट करप्शन (आईएसी) आंदोलन और आप को खड़ा किया था। सिंह ने कहा कि कांग्रेस को अपनी नाकामी छुपाने के लिए झूठे बहाने बनाना बंद करना चाहिए।
आप नेता ने राहुल का ट्वीट टैग करते हुए कहा, ” वे कितने लंबे समय तक झूठे बहाने बनाकर अपनी नाकामी छुपाते रहेंगे? अब रोना बंद करो। सच यह है कि अब देश को कांग्रेस और भाजपा दोनों से ही कोई उम्मीद नहीं है। आज, केवल आम आदमी पार्टी देश के बारे में, जनता की समस्याओं जैसे बिजली, पानी, स्कूल, अस्पताल के बारे में बात करती है। भविष्य में देश की पसंद आप ही होगी।”
राहुल गांधी ने मंगलवार को आंदोलन का हिस्सा एवं आप के संस्थापक सदस्य रहे वकील प्रशांत भूषण के एक बयान का हवाला देते हुए ट्वीट करके आंदोलन के पीछे आरएसएस-भाजपा के समर्थन का आरोप लगाया था।


Download Android App
Download iOS App



