नई दिल्ली, 25 नवंबर (आईएएनएस)। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने बुधवार को कहा कि पासपोर्ट आवेदन में जन्मस्थान से संबंधित जानकारी में कथित विसंगति को लेकर सौरव दास को चेन्नई स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (आरपीओ) की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उन्हें सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। जवाब दाखिल करने तक पासपोर्ट का इस्तेमाल नहीं करने का निर्देश भी दिया गया है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि पासपोर्ट आवेदन में आवेदक को सही जानकारी देना अनिवार्य होता है। यदि किसी स्तर पर जानकारी में विसंगति सामने आती है या संबंधित अधिकारियों की ओर से तथ्य छिपाने की जानकारी मिलती है, तो आवेदक को कारण बताओ नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि संबंधित कानून प्रवर्तन एजेंसियों से मिली रिपोर्ट के आधार पर चेन्नई स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने 23 नवंबर को सौरव दास को नोटिस जारी किया। इसमें जन्मस्थान से संबंधित जानकारी को लेकर सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। जायसवाल ने कहा कि नोटिस में यह भी निर्देश दिया गया है कि जवाब देने तक वह अपने पासपोर्ट का इस्तेमाल न करें।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि भारत के विदेश मंत्री ने रूस के विदेश मंत्री से फोन पर बातचीत की। दोनों देशों के बीच पिछले कुछ सप्ताहों में कई स्तरों पर बातचीत हुई है। उन्होंने कहा कि इन संवादों के दौरान द्विपक्षीय मुद्दों के साथ-साथ बहुपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक विषयों तथा विभिन्न संघर्षों से जुड़े मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया गया।
रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत और चीन के बीच राजनयिक तथा सैन्य स्तर पर बातचीत जारी है। हाल ही में दोनों देशों के वरिष्ठ सैन्य कमांडरों के बीच पूर्वी क्षेत्र में बातचीत हुई। उन्होंने बताया कि चर्चा का मुख्य उद्देश्य सीमा प्रबंधन को बेहतर बनाना और वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) से जुड़े विभिन्न मुद्दों का समाधान करना था। उन्होंने कहा कि इन बातचीत का प्रमुख लक्ष्य सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और स्थिरता बनाए रखना है।
अमेरिका से भारतीय नागरिकों के निर्वासन के मुद्दे पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि भारत अवैध प्रवासन के खिलाफ है और अमेरिका के साथ निर्वासन मामलों में सहयोग करता है। उन्होंने कहा कि जब किसी व्यक्ति को भारत भेजने की जानकारी मिलती है, तो पहले उसकी राष्ट्रीयता की पुष्टि की जाती है। सत्यापन के बाद भारतीय नागरिक होने की पुष्टि होने पर उसे वापस लेने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाती है।
जायसवाल ने बताया कि इस साल की शुरुआत से अब तक अमेरिका से 1,700 भारतीय नागरिकों को निर्वासित किया गया है।
–आईएएनएस
डीएससी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



