खेत बचाओ अभियान के तहत अयोध्या पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री, CM योगी को सौंपा यूपी का कृषि रोडमैप

Summary :

Save Farms Campaign : केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत उत्तर प्रदेश के अयोध्या पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय का दौरा कर वहां विकसित किए गए एकीकृत कृषि मॉडल का अवलोकन किया। केंद्रीय मंत्री ने घुटनों तक पानी से भरे खेत में उतरकर अलग-अलग फसलों का जायजा लिया और कृषि वैज्ञानिकों के साथ खेती की नई तकनीकों और किसानों की आय बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की। इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, यहाँ एक ही परिसर में मछली पालन, बत्तख पालन,…

Save Farms Campaign : केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत उत्तर प्रदेश के अयोध्या पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय का दौरा कर वहां विकसित किए गए एकीकृत कृषि मॉडल का अवलोकन किया।

केंद्रीय मंत्री ने घुटनों तक पानी से भरे खेत में उतरकर अलग-अलग फसलों का जायजा लिया और कृषि वैज्ञानिकों के साथ खेती की नई तकनीकों और किसानों की आय बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की। इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, यहाँ एक ही परिसर में मछली पालन, बत्तख पालन, फल, सब्जी, हल्दी, अदरक, जिमीकंद और सहजन जैसी फसलों का सफल समन्वय किया गया है।

इससे किसानों की आय के कई स्रोत तैयार होते हैं और छोटी जोत में भी बेहतर आमदनी संभव होती है। मैं किसान भाइयों-बहनों से आग्रह करता हूँ कि बदलते समय की चुनौतियों के बीच एकीकृत खेती के ऐसे मॉडलों को अपनाएं। बाद में उन्होंने बताया कि आज का दिन उत्तर प्रदेश के लिए ऐतिहासिक है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उत्तर प्रदेश का कृषि रोडमैप सौंपा है।

रोडमैप का मतलब है खेती में वैज्ञानिक रूप से क्या-क्या करना चाहिए। बढ़ते हुए तापमान, सूखे के बढ़ते दिन, कम होता पानी और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों के बीच खेती को कैसे आगे बढ़ाया जाए, इसका विस्तृत मार्गदर्शन इस रोडमैप में है।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उत्तर प्रदेश के बागवानी क्षेत्र को नई गति देने के उद्देश्य से लखनऊ में क्लीन प्लांट सेंटर स्थापित किए जाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इस केंद्र के माध्यम से किसानों को गुणवत्तायुक्त एवं रोगमुक्त पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे उद्यानिकी क्षेत्र का विस्तार होगा और किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि सुनिश्चित होगी।

विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि के लिए समृद्ध यूपी अनिवार्य : केंद्रीय कृषि मंत्री

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को लखनऊ स्थित योजना भवन के वैचारिकी सभागार में उत्तर प्रदेश के कृषि रोडमैप, कृषि क्षेत्र की विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य योजनाओं तथा ग्रामीण विकास कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की संयुक्त समीक्षा की। बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि के लिए समृद्ध उत्तर प्रदेश सबसे अनिवार्य है। उत्तर प्रदेश जितनी तेजी से कृषि, ग्रामीण विकास और किसानों की समृद्धि के क्षेत्र में आगे बढ़ेगा, विकसित भारत का लक्ष्य उतनी ही शीघ्रता से साकार होगा।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य सरकार आपसी समन्वय तथा साझा प्रयासों से इस राष्ट्रीय संकल्प को अवश्य पूरा करेंगी। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चना, मसूर एवं सरसों की सरकारी खरीद की अवधि बढ़ाए जाने की मंजूरी भी प्रदान की।

यह भी पढ़ें : हम एसआईआर को लेकर लोगों को जागरूक कर रहे : बीके हरिप्रसाद

Avinay