रायपुर : छत्तीसगढ़ के संक्षिप्त दौरे में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने रमन सरकार के विकास यात्रा का रोड मैप तैयार कर लिया है। वहीं दूसरी ओर इस मामले में नए सिरे से अब रणनीति कवायदें जोर पकड़ सकती है। रमन सरकार के लोक सुराज अभियान को केन्द्रीय नेतृत्व ने भाजपा शासित राज्यों में लागू करने का निर्णय लिया है। अपने दौरे में सीएम से चर्चा के दौरान शाह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बस्तर दौरे को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए हैं।
आगामी 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री बीजापुर जिले में आयुस्मान भारत योजना को लांच करेंगे। इसे लेकर भाजपा अध्यक्ष ने दिशा-निर्देश दिए हैं। अब मुख्यमंत्री इस माह से विकास यात्रा शुरू करने जा रहे हैं। यही वजह है कि इस विकास यात्रा को लेकर भाजपा हाईकमान ने भी दिलचस्पी ली है। सूत्रों के मुताबिक विमानतल पर ही संक्षिप्त बैठक में ही शाह ने रमन सरकार के विकास यात्रा का रोड मैप तैयार कर लिया है।
आगामी मई माह से शुरू होने वाली विकास यात्रा को लेकर सत्ताधारी दल ने पहले योजना बनाई है। वहीं सरकार की ओर से भी इसके लिए पूरी तैयारी हो गई है। विकास यात्रा के स्वरूप को मुख्यमंत्री ने शाह के समक्ष प्रस्तुत किया है। इसके बाद खुद शाह ने इसमें कुछ संशोधन कर नए सिरे से इस पर रणनीतिक कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए हैं।
शाह के निर्देश पर ही अब रोड मैप के तहत यात्रा निकलेगी। करीब 35 दिनों की विकास यात्रा दो चरणों में होगी। गर्मी के मौसम में फिर सरकार एक तरह से आम लोगों के बीच पहुंचेगी। इस दौरान पूरी सरकार के साथ मुख्यमंत्री अपने मौजूदा पांच साल के कामकाज का हिसाब किताब लेकर जनता के बीच जनादेश मांगने निकलेंगे। रमन सरकार के सुराज और विकास यात्रा के बाद केन्द्र सरकार भी इसी फार्मूले के तहत आगे बढ़ेगी। मोदी सरकार भी आगामी साल में लोक सुराज के साथ विकास यात्रा के जरिए माहौल बनाते हुए संदेश देने की कोशिशें करेंगी।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहां क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App



