अचानक बिगड़ी सोनिया गांधी की तबीयत, शिमला के IGMC में कराया गया भर्ती

Summary :

शिमला में अचानक सोनिया गांधी की बिगड़ी तबीयत

अस्पताल सूत्रों ने बताया कि सोनिया गांधी की मौजूदा हालत पर एक्सपर्ट डॉक्टरों की एक टीम नजर बनाए हुए है. जानकारी के अनुसार, उनकी एमआरआई जांच की जा रही है और अन्य जरूरी मेडिकल परीक्षण भी किए जा रहे हैं.

Sonia Gandhi News: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी को लेकर बड़ी जानकारी सामने आया है. दरअसल, उनकी तबीयत अचानक खराब होने के चलते उन्हें शिमला स्थित इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) में भर्ती कराया गया है. वह हाल ही में हिमाचल प्रदेश के शिमला में कुछ दिनों के विश्राम के लिए पहुंची थीं, लेकिन वहां स्वास्थ्य में गिरावट आने के बाद उन्हें मेडिकल निगरानी में रखा गया है.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अस्पताल सूत्रों ने बताया कि सोनिया गांधी की मौजूदा हालत पर एक्सपर्ट डॉक्टरों की एक टीम नजर बनाए हुए है. जानकारी के अनुसार, उनकी एमआरआई जांच की जा रही है और अन्य जरूरी मेडिकल परीक्षण भी किए जा रहे हैं. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के भी जल्द अस्पताल पहुंचने की संभावना जताई जा रही है.

कई बार बिगड़ चुकी है तबीयत

78 वर्षीय सोनिया गांधी का स्वास्थ्य बीते चार-पांच वर्षों में कई बार बिगड़ चुका है. उन्हें कई बार विभिन्न स्वास्थ्य जटिलताओं के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया है. खासकर कोविड-19 महामारी के बाद से उन्हें श्वसन संबंधी दिक्कतों और पोस्ट-कोविड प्रभावों का सामना करना पड़ा है.

साल 2022 में उन्हें दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती किया गया था, जब उन्हें सांस लेने में तकलीफ और वायरल संक्रमण हुआ था. इसी वर्ष जून में कोविड संक्रमण के बाद फिर से उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती होना पड़ा था.

परिवार हमेशा रहा साथ

हर बार जब सोनिया गांधी को अस्पताल में भर्ती किया गया है, तब उनके बच्चे प्रियंका गांधी वाड्रा और राहुल गांधी उनके साथ उपस्थित रहे हैं. पार्टी सूत्रों के अनुसार, सोनिया गांधी के स्वास्थ्य को लेकर कांग्रेस हमेशा गंभीर रही है. उनकी बढ़ती उम्र और चिकित्सा जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच की जाती रही है.

विदेश में भी हो चुका है इलाज

सोनिया गांधी का इलाज समय-समय पर विदेशों में भी होता रहा है. वर्ष 2011 में उन्हें पहली बार एक गंभीर बीमारी के इलाज के लिए अमेरिका के न्यूयॉर्क ले जाया गया था. हालांकि उस समय उनकी बीमारी के बारे में सार्वजनिक रूप से कोई जानकारी साझा नहीं की गई थी.

इसके बाद वे 2012, 2013, 2016 और 2022 में भी नियमित जांच के लिए अमेरिका गई थीं. इन सभी यात्राओं में प्रियंका गांधी या राहुल गांधी उनके साथ रहे.

Sonia Gandhi News:PM मोदी के जम्मू-कश्मीर दौरा से तिलमिलाया पाकिस्तान, देने लगा गिदड़भभकी, जानें क्या कहा?

पार्टी में चिंता का माहौल

सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ने की खबर से कांग्रेस पार्टी में चिंता का माहौल बन गया है. पार्टी के नेता लगातार उनकी सेहत से जुड़ी जानकारी ले रहे हैं. हालांकि, डॉक्टरों की निगरानी में उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है. पार्टी और समर्थकों को उम्मीद है कि सोनिया गांधी जल्द स्वस्थ होकर फिर से सार्वजनिक जीवन में सक्रिय होंगी.

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।