पेरंबलुर, 24 सितंबर (आईएएनएस)। तमिलनाडु के पेरंबलुर में थुरईमंगलम के पास त्रिची-चेन्नई राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-38) पर हुई एक सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। फिलहाल, पेरंबलुर पुलिस इस घटना की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, रामानाथपुरम जिले के मुदुकुलथुर के पास ओरिवयाल गांव के रहने वाले कार्थी (38 वर्षीय) चेन्नई में काम करते थे। वह अपने भाई की शादी में शामिल होने के लिए अपनी पत्नी सूर्या और गांव के ही दोस्तों के साथ चेन्नई से अपने गांव गए थे।
शादी के बाद, कार्थी, उनकी पत्नी और उनके दोस्त आज सुबह कार से चेन्नई लौट रहे थे। जब उनकी कार त्रिची-चेन्नई राष्ट्रीय राजमार्ग पर थुरईमंगलम इलाके में पहुंची, तो तेज रफ्तार कार उनके आगे चल रही एक बस के पिछले हिस्से से जा टकराई।
घटना के बाद चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने घायलों को बचाने की कोशिश की। साथ ही, पुलिस को घटना की सूचना दी गई। दुर्घटना की सूचना मिलने पर पेरंबलुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को पेरंबलुर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
कार सवार काजा उर्फ कालिश्वरन और प्रभाकरन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल कार्थी की पेरंबलुर सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
कार्थी की पत्नी सूर्या, कार चालक कन्नदासन, जॉन कैनेडी और सरन्या को इलाज के लिए पेरंबलुर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल सूर्या को बाद में आगे के इलाज के लिए तिरुचिरापल्ली के अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया।
इस बीच, पेरम्बलूर टाउन पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया। दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस थूथुकुडी के बस चालक से पूछताछ कर रही है।
–आईएएनएस
डीसीएच/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



