ठाणे में प्रदीप पूर्णेकर की हत्या के बाद परिवार से मिले उद्धव ठाकरे, आदित्य ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

Summary :

ठाणे, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने ठाणे में पार्टी पदाधिकारी प्रदीप पूर्णेकर की हत्या के बाद उनके परिवार से मुलाकात की और सांत्वना दी। शिवसेना (यूबीटी) के मुताबिक, उद्धव ठाकरे के साथ पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी पूर्णेकर के परिवार से मिलने पहुंचे। इनमें सांसद अरविंद सावंत, विनायक राउत, विधायक एवं अधिवक्ता अनिल परब, राजन विचारे, विधायक मिलिंद नार्वेकर और जिला प्रमुख केदार दिघे समेत अन्य पदाधिकारी शामिल थे। बताया गया है कि शिवसेना (यूबीटी) के ठाणे जिला प्रमुख प्रदीप पूर्णेकर की अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद महाराष्ट्र की…

ठाणे, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने ठाणे में पार्टी पदाधिकारी प्रदीप पूर्णेकर की हत्या के बाद उनके परिवार से मुलाकात की और सांत्वना दी।

शिवसेना (यूबीटी) के मुताबिक, उद्धव ठाकरे के साथ पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी पूर्णेकर के परिवार से मिलने पहुंचे। इनमें सांसद अरविंद सावंत, विनायक राउत, विधायक एवं अधिवक्ता अनिल परब, राजन विचारे, विधायक मिलिंद नार्वेकर और जिला प्रमुख केदार दिघे समेत अन्य पदाधिकारी शामिल थे।

बताया गया है कि शिवसेना (यूबीटी) के ठाणे जिला प्रमुख प्रदीप पूर्णेकर की अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में कानून व्यवस्था को लेकर आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।

इससे पहले शिवसेना (यूबीटी) विधायक आदित्य ठाकरे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर पूर्णेकर की हत्या पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी। उन्होंने घटना को बेहद आक्रोशित करने वाला और निंदनीय बताते हुए महाराष्ट्र की कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए।

आदित्य ठाकरे ने कहा कि ऐसी घटनाएं बार-बार यह साबित कर रही हैं कि राज्य में कानून व्यवस्था की नींव कमजोर हो चुकी है और आम लोगों के लिए सुरक्षित रहना मुश्किल होता जा रहा है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अगर राजनीतिक दलों की ओर से ऐसा माहौल बनाया जाता है, जिसमें आपराधिक तत्वों को संरक्षण मिलता है तो पुलिस के लिए अपना काम करना मुश्किल हो जाता है। आदित्य ठाकरे ने हत्या के दोषियों और उनके पीछे मौजूद लोगों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की।

उन्होंने प्रदीप पूर्णेकर को श्रद्धांजलि देते हुए उनके परिवार और करीबियों के प्रति संवेदना भी जताई।

बताया जा रहा है कि प्रदीप पूर्णेकर को ठाणे के मनोरमा नगर स्थित उनके कार्यालय में घुसकर गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल पूर्णेकर को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

प्रारंभिक जानकारी में दावा किया गया कि पांच लोगों ने पूर्णेकर पर हमला किया था और सात राउंड फायरिंग के साथ धारदार हथियारों का भी इस्तेमाल किया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूर्णेकर के दोस्त पाप्या शिंदे को गिरफ्तार किया गया, जबकि चार अन्य की तलाश की जा रही है।

–आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.