नई दिल्ली: अमेरिका के विदेश मंत्री रेक्स टिलरसन ने पाकिस्तान को दो टूक कहा है कि वह अपने यहां मौजूद आतंक के अड्डे को खत्म करे दे। रेक्स टिलरसन इन दिनों भारत के दौरे पर हैं। अपने स्पष्ट संदेश में अमेरिका ने पाकिस्तान से कहा कि वह अपनी सरजमीन में सक्रिय आतंकवादी अवसंरचनाओं को नष्ट करे और भारत और अमेरिका दोनों देशों ने इस पर जोर दिया कि देश के भीतर आतंकवादियों के पनाहगाह को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पाकिस्तान होते हुए पहली बार भारत दौरे पर आए अमेरिकी विदेश मंत्री टिलरसन ने बुधवार को अपनी समकक्ष सुषमा स्वराज के साथ द्विपक्षीय बैठक से पहले राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल से मुलाकात की।
एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक NSA अजीत डोभाल ने टिलरसन से कहा कि वह आफगानिस्तान और पाकिस्तान के दौरे से आए हैं।लिहाजा अब वह पाकिस्तान का मूल्यांकन करने को कहा। इस पर अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक टिलरसन ने पाकिस्तानी नेतृत्व से सख्त लहजे में कहा कि वो आतंकी संगठनों के खिलाफ कार्रवाई करे, वरना हम करेंगे। मेल टुडे ने उच्चस्तरीय सूत्रों के हवाले से बताया कि अमेरिका ने अपने मूल्यांकन में पाया कि पाकिस्तान में आतंकियों के सुरक्षित पनाहगाह क्षेत्र में सबसे बड़ी समस्या है। टिलरसन ने अजीत डोभाल को भी इस बात से अवगत करा दिया है। टिलरसन ने कहा कि अमेरिकी सरकार मानती है कि पाकिस्तान में आतंकियों के सुरक्षित ठिकाने असली समस्या है।
जब अधिकारी से यह पूछा गया कि क्या अमेरिकी विदेश मंत्री द्वारा पाकिस्तानी नेतृत्व से खूंखार आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के सरगना हाफिज सईद के बारे में चर्चा की गई, तो उन्होंने कहा कि विशेष रूप से किसी आतंकी के नाम पर चर्चा की बात सामने नहीं आई है। मालूम हो कि भारत लंबे समय से अमेरिका से कह रहा है कि वह मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद के खिलाफ कार्रवाई के लिए पाकिस्तान पर दबाव बनाए। 26/11 मुंबई आतंकी हमले में कई अमेरिकी नागरिकों की भी मौत हुई थी।
भारत दौरे पर आए अमेरिकी विदेश मंत्री रेक्स टिलरसन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस बीच दोनों नेताओं ने जोर दिया कि भारत-अमेरिका भागीदारी सिर्फ आपसी फायदे के लिए ही नहीं है, बल्कि वैश्विक स्थिरता और क्षेत्र में सकारात्मक छाप छोड़ने के लिए भी है।अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की दक्षिण एशिया पॉलिसी का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत और अमेरिका का मकसद आतंकवाद व आतंकी ठिकानों को नष्ट करना है, ताकि अफगानिस्तान में शांति और स्थिरता लाई जा सके।


Download Android App
Download iOS App



