पहलगाम आतंकी हमले का कड़ा जवाब देना चाहिए: अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे

Summary :

खड़गे ने कहा, आतंकी हमले का कड़ा जवाब देना जरूरी

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की निंदा करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दोषियों को कड़ी सजा की मांग की है। उन्होंने कहा कि निर्दोष पीड़ितों को न्याय मिलना चाहिए और भारत सरकार को सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी राजनीतिक दलों से बात करनी चाहिए।

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले की पूरे विश्व ने निंदा की है। इस बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार आतंकी हमले के दोषियों के लिए कड़ी सजा की मांग की है। उनका कहना है कि निर्दोष पीड़ितों को न्याय मिलना चाहिए। मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “कल देर रात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और जम्मू-कश्मीर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से पहलगाम में हुए घृणित नरसंहार के बारे में बात की। इस जघन्य आतंकी हमले के दोषियों को सजा मिलनी चाहिए। निर्दोष पीड़ितों को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने आगे कहा, “प्रतिकूल परिस्थितियों में एकजुटता से काम करना समय की मांग है। सीमा पार से हुए इस आतंकी हमले का उचित और दृढ़ जवाब दिया जाना चाहिए। भारत सरकार को जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी राजनीतिक दलों से बात करनी चाहिए और राज्य में पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करना चाहिए।”

पहलगाम हमले में 26 पर्यटकों की मौत, नौसेना अधिकारी भी शामिल

उल्लेखनीय है कि जम्मू-कश्मीर में अनंतनाग जिले के पहलगाम हिल स्टेशन पर मंगलवार को आतंकियों ने हमला किया था। हमले में दो विदेशी समेत कम से कम 16 पर्यटकों की मौत हो गई और 20 अन्य पर्यटक एवं स्थानीय लोग घायल हो गए। हालांकि, मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। पूरे विश्व ने इस हमले की निंदा की है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस पर नजर बनाए हुए हैं।

बता दें कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, दिल्ली में मौजूद उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के साथ मंगलवार रात करीब 8.20 बजे श्रीनगर पहुंचे और उन्हें उपराज्यपाल, डीजीपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आतंकवादी घटना के बारे में संक्षिप्त जानकारी दी। इसके बाद गृह मंत्री उच्च स्तरीय सुरक्षा बैठक की अध्यक्षता करने के लिए राजभवन गए। वह श्रीनगर के अस्पताल में घायल पर्यटकों और स्थानीय लोगों से भी मिलेंगे, जहां उनका इलाज चल रहा है, और बुधवार को आतंकी हमले वाली जगह का दौरा करेंगे।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.