TOP 20 NEWS 12 January : आज की 20 सबसे बड़ी खबरें

Summary :

जानिए देश, विदेश, खेल, और व्यापार से जुड़ी खबरें-ये आज का टॉप 20 न्यूज़ मेनू बताएगा आपको आज की बड़ी और ताज़ा खबरों का पिटारा

1. कोलकाता में मोदी ने ममता पर साधा निशाना, बोले- राज्य सरकार केंद्रीय योजनाओं के कार्यान्वयन की इच्छुक नहीं

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि केंद्र सरकार पश्चिम बंगाल और यहां रहने वाले वंचित तबके के विकास के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। मोदी ने राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य सरकार केंद्रीय  योजनाओं के कार्यान्वयन की इच्छुक नहीं है क्योंकि यह ‘सिंडिकेट’ को लाभ पहुंचाने वाला नहीं है। 
2. मोदी सरकार ने एनएसजी को वीआईपी सुरक्षा से हटाने का फैसला किया
गांधी परिवार की एसपीजी सुरक्षा हटाने और वीआईपी सुरक्षा में व्यापक कटौती लागू करने के बाद केंद्र सरकार ने अब एनएसजी कमांडो को इस काम से पूरी तरह मुक्त करने का फैसला किया है। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। करीब दो दशक बाद ऐसा होगा कि आतंकवाद निरोधी विशिष्ट बल के ‘ब्लैक कैट’ कमांडो को वीआईपी सुरक्षा ड्यूटी से हटाया जाएगा। 
3. विरोधी दल के नेताओं और पाक PM इमरान की भाषा एक क्यों : अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों का विरोध करने वाले इन दलों के नेताओं और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान की भाषा एक क्यों हैं। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) अध्यक्ष अमित शाह ने मध्यप्रदेश के जबलपुर में सीएए के समर्थन में बीजेपी की ओर से आयोजित जनसभा को संबोधित किया।
4. नए नागरिकता कानून पर अफवाहें फैलाकर युवाओं को गुमराह किया जा रहा है : PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता के बेलूर मठ से लोगों को संबोधित किया। इससे पहले उन्होंने स्वामी विवेकानंद को श्रद्वांजलि दी। पीएम मोदी ने कहा, पिछली बार जब मैं यहां आया था, तो मैंने स्वामी आत्मस्थानंदजी का आशीर्वाद लिया था। आज वह हमारे साथ शारीरिक रूप से मौजूद नहीं है। लेकिन उनका काम, उनका मार्ग, हमेशा रामकृष्ण मिशन के रूप में हमारा मार्गदर्शन करेगा। 
5. कांग्रेस ने JNU हिंसा को बताया ‘सरकार प्रायोजित’, VC को हटाए जाने की मांग की
जेएनयू में हुई हिंसा को लेकर कांग्रेस द्वारा बनाई गई एक तथ्यान्वेषण समिति ने कहा कि पांच जनवरी को यूनिवर्सिटी पर हुआ हमला ‘सरकार प्रायोजित’ था। समिति ने यूनिवर्सिटी के कुलपति एम जगदीश कुमार को यूनिवर्सिटी से बर्खास्त किए जाने और उनके खिलाफ आपराधिक जांच शुरू किए जाने की मांग की। 
6. CAA-NRC और NPR का विरोध करने वालों की आवाजों को कुचला नहीं जा सकता : येचुरी
माकपा महासचिव सीताराम येचुरी ने कहा है कि विवादास्पद नागरिकता कानून, एनआरसी और राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनपीआर) का विरोध करने वालों की आवाजों को कुचला नहीं जा सकता। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पश्चिम बंगाल के दौरे के दौरान प्रदर्शनों की सराहना की। 
7. PM मोदी का बड़ा ऐलान, श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम से जाना जाएगा कोलकाता पोर्ट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट की 150 वीं वर्षगांठ समारोह का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने अपने संबोधन में कहा, मां गंगा के सानिध्य में गंगासागर के निकट, देश की जलशक्ति के इस ऐतिहासिक प्रतीक पर, इस समारोह का हिस्सा बनना सौभाग्य की बात है। साथ ही उन्होंने इस बंदरगाह का नाम श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंदरगाह रखने की घोषणा की। 
8. CAA एवं PM मोदी के दौरे के खिलाफ कोलकाता में प्रदर्शन जारी
संशोधित नागरिकता कानून के खिलाफ छात्रों ने रविवार को लगातार दूसरे दिन कोलकाता प्रदर्शन जारी रखा। इनमें से ज्यादातर छात्र कांग्रेस और वाम पार्टियों से संबद्ध हैं। नये कानून के किसी नागरिक के हित को नुकसान नहीं पहुंचाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आश्वासन के बावजूद इन छात्रों का प्रदर्शन यहां जारी है। 
9. PM मोदी को 208 शिक्षाविदों ने लिखा पत्र, बिगड़ते शैक्षणिक माहौल के लिए वाम समूह को ठहराया जिम्मेदार
विश्वविद्यालयों के कुलपतियों सहित 200 से अधिक शिक्षाविदों ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिख कर देश में बिगड़ते अकादमिक माहौल के लिए ‘वामपंथी कार्यकर्ताओं के एक छोटे समूह’ को जिम्मेदार ठहराया है। प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में कहा गया है, ‘‘हमारा मानना है कि छात्र राजनीति के नाम पर एक विध्वंसकारी धुर वाम एजेंडा को आगे बढ़ाया जा रहा है।

10. सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर केरल के कोच्चि में अवैध अपार्टमेंट को किया गया ध्वस्त
केरल के कोच्चि में झील के किनारे बने एक अन्य अवैध अपार्टमेंट को सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन करते हुए रविवार को गिरा दिया गया। कोच्चि के मरादु नगर निगम क्षेत्र में स्थित 55 मीटर ऊंची इमारत जैन कोरल कोव को आज सुबह 11 बजकर तीन मिनट पर जमींदोज किया गया। इस इमारत का निर्माण तटीय नियमन क्षेत्र के प्रावधानों का उल्लंघन कर किया गया था। 
11. प्रधानमंत्री मोदी ने बेलूर मठ में स्वामी विवेकानंद को दी श्रद्वांजलि
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को स्वामी विवेकानंद की जयंती पर बेलूर मठ में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। हावड़ा जिले में स्थित बेलूर मठ रामकृष्ण मिशन का मुख्यालय है। प्रधानमंत्री मोदी बेलूर मठ में रात गुजारने वाले पहले प्रधानमंत्री हैं। मिशन के अधिकारियों ने बताया कि मोदी रविवार को तड़के उठे और उन्होंने स्वामी विवेकानंद के मंदिर पहुंच कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। 
12. गौरव चंदेल हत्याकांड को लेकर प्रियंका गांधी का योगी सरकार पर हमला
नोएडा के बहुचर्चित व्यापारी गौरव चंदेल हत्याकांड को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ की सरकार पर आज् निशाना साधा। प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया कि प्रबंधक के पद पर काम करने वाले गौरव चंदेल की नोएडा में अपराधियों ने हत्या कर दी थी। लूट-पाट के बाद हुई हत्या में सरकार की कार्रवाई अभी तक ढीली-ढाली ही है। 
13. केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने सेना प्रमुख के POK वाले बयान का किया समर्थन
केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने रविवार को सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे के उस बयान का समर्थन किया जिसमें उन्होंने कहा था कि राजनीतिक नेतृत्व से अनुमति मिलने पर सेना पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) पर नियंत्रण कर सकती है। आठवले ने कहा कि पीओके में भारत को निशाना बनाने वाले आतंकवादी संगठनों का ठिकाना है और उनको उखाड़ फेंकने के लिए सैन्य कार्रवाई की जरूरत है।
14. केंद्र सरकार ने की ओमान के सुल्तान काबूस बिन के निधन पर सोमवार को राजकीय शोक की घोषणा
केंद्र सरकार ने ओमान के सुल्तान काबूस बिन सईद अल सईद के निधन पर सोमवार को एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। उल्लेखनीय है कि सुल्तान का दस जनवरी को निधन हो गया था और वह 79 वर्ष के थे। 
15. ईरान में प्रदर्शनों पर करीब से नजर रख रहें हैं : डोनाल्ड ट्रंप
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ईरान में हो रहे प्रदर्शनों पर करीब से नजर रख रहा है,साथ ही उसने प्रदर्शनकारियों के ‘जनसंहार’ के खिलाफ चेतावनी दी है। दरअसल ईरान ने लोग उस वक्त सड़कों पर उतर आए जब ईरान ने स्वीकार किया कि यूक्रेन का विमान उसने गलती से गिरा दिया है। इस भयावह हादसे में विमान में सवार सभी 176 लोग मारे गए थे। 
16. नारायण राणे बोले- महाराष्ट्र में शिवसेना के 56 में से 35 विधायक हैं असंतुष्ट
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे ने दावा किया है कि राज्य में शिवसेना के 56 विधायकों में से 35 पार्टी नेतृत्व से असंतुष्ट हैं। फिलहाल भाजपा के कोटे से राज्यसभा सदस्य राणे ने शनिवार रात को एक कार्यक्रम में उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली सरकार को ‘नकारा’ सरकार करार दिया और कहा कि शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस ने राज्य में सरकार बनाने में पांच सप्ताह से अधिक समय लिया। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा महाराष्ट्र में सत्ता में जरूर लौटेगी।
17. सरकार में बैठे लोग कर रहे हैं मनमानी : अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि सत्ता में बैठे लोग मनमानी कर रहे हैं और हक मांगने वालों को पीटा जाता है। सैफई से एटा जाते समय रविवार को अपने आवास पर जिलों से पहुंचे कार्यकताओं की समस्याएं सुनते हुए अखिलेश यादव ने इस बात पर हैरानी जतायी कि प्रदेश की योगी सरकार के मंत्री हों या फिर अधिकारी मनमानी कर रहे हैं, इसकी कीमत आज सूबे की जनता को चुकानी पड रही है। 
18. आप ने काफी हद तक देश की राजनीति को बदला है : CM केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कहा कि आम आदमी पार्टी ने देश की राजनीति को काफी हद तक बदला है। केजरीवाल ने ट्वीट किया,‘‘लोग मुझसे कहते थे केजरीवाल जी चुनाव सरकार के कामकाज पर नहीं जीते जाते,चुनावी राजनीति अलग होती है और हम कहते थे कि हम इसे बदलने आए हैं। देश की राजनाति काफी हद तक बदली है।’’  
19. दिल्ली में भाजपा ने सीएए के समर्थन में निकाला मार्च
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई ने संशोधित नागरिकता कानून के समर्थन में रविवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली मार्च निकाला। पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपने हाथों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का कटआउट लेकर इस मार्च में हिस्सा लिया। 
20. टी-20 में धवन-कोहली को फायदा, सैनी की लंबी छलांग
 भारत के सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल शनिवार को जारी आईसीसी की टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में बल्लेबाजों की सूची में छठे स्थान पर बरकरार हैं जबकि कप्तान विराट कोहली एक स्थान के फायदे से नौवें पायदान पर पहुंच गए हैं। भारत और श्रीलंका के बीच तीन मैचों की टी20 शृंखला के संपन्न होने के बाद यह रैंकिंग जारी की गई। 

Desk Team