यूपी चुनाव से पहले धार्मिक कथाएं बनीं सियासी प्रचार का हथियार, भाजपा के बाद सपा भी आजमा रही दांव

Summary :

लखनऊ, 22 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों के नेताओं ने धार्मिक कथाओं के जरिए सियासत साधनी शुरू कर दी है। कोई रामकथा करवा रहा है तो कोई शिवपुराण और हनुमत कथा का आयोजन कर रहा है। इन आयोजनों के जरिए नेता अपने जनाधार और सियासी ताकत का अहसास कराने में जुटे हैं। ऐसा नहीं है कि धार्मिक आयोजनों के जरिए राजनीतिक संदेश देने की कोशिश सिर्फ भाजपा के नेता कर रहे हैं। अब समाजवादी पार्टी के नेता भी इस दांव को आजमा रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो धार्मिक कथाएं विरोधियों के साथ-साथ…

लखनऊ, 22 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों के नेताओं ने धार्मिक कथाओं के जरिए सियासत साधनी शुरू कर दी है। कोई रामकथा करवा रहा है तो कोई शिवपुराण और हनुमत कथा का आयोजन कर रहा है। इन आयोजनों के जरिए नेता अपने जनाधार और सियासी ताकत का अहसास कराने में जुटे हैं। ऐसा नहीं है कि धार्मिक आयोजनों के जरिए राजनीतिक संदेश देने की कोशिश सिर्फ भाजपा के नेता कर रहे हैं। अब समाजवादी पार्टी के नेता भी इस दांव को आजमा रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो धार्मिक कथाएं विरोधियों के साथ-साथ अपनी पार्टी के बड़े नेताओं को भी अपनी सियासी ताकत दिखाने का अच्छा माध्यम बन गई हैं।

हाल के दिनों में प्रतापगढ़ के कुंडा में बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री की कथा चल रही है। इसमें बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ रही है। इसके साथ ही हर समुदाय के क्षत्रप भी पहुंच रहे हैं। मंच से उनका उद्बोधन भी हो रहा है। इस तरह एक पंथ, दो काज हो रहे हैं। कुंडा की बड़ी राजनीतिक हस्तियों में शुमार रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया हमेशा सुर्खियों में रहते हैं। धीरेंद्र शास्त्री की कथा से पहले उनके एक विवादित बयान को लेकर खूब चर्चा हुई। इसे लेकर वार-पलटवार का दौर भी चला। कथा शुरू होने से पहले धीरेंद्र शास्त्री के पुराने बयानों पर सवाल उठे और कथा रोकने की मांग की गई। इस पर धीरेंद्र शास्त्री, निशिकांत दुबे और राजा भैया ने पलटवार किया और कई राजनीतिक बयान दिए।

कथा में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, भाजपा सांसद निशिकांत दुबे, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, प्रदेश सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह और मनोज पांडेय, विधायक अभय सिंह समेत कई मंत्री और विधायक शामिल हो चुके हैं। इससे पहले योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय ने शिवपुराण कथा का आयोजन करवाया था। इसमें कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा थे। इस कथा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, तीन राज्यों के राज्यपाल, प्रदेश सरकार के कई मंत्री और विधायक पहुंचे थे। इसे मनोज पांडेय का बड़ा शक्ति प्रदर्शन माना गया।

गोंडा में आयोजित हनुमंत कथा के दौरान पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह भावुक हो गए। उन्होंने अपने गमछे से आंसू पोंछे और हाथ जोड़कर हनुमान जी को याद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश में बहुत से कथावाचक हैं, लेकिन कथा गायब हो चुकी है। इससे पहले बृजभूषण शरण सिंह ने राष्ट्रकथा का आयोजन करवाया था। इसमें कैबिनेट मंत्री एके शर्मा, जगदंबिका पाल, ब्रजेश सिंह, धनंजय सिंह और विधायक सुशील सिंह समेत कई नेता शामिल हुए थे। इस कथा में क्षत्रिय नेताओं के जुटने को गोलबंदी के तौर पर देखा गया था। ऐसा नहीं है कि कथा के आयोजन सिर्फ भाजपा के नेता करवा रहे हैं।

हाल ही में समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री पवन पांडेय ने अयोध्या में कथा कराई थी, जिसमें सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शामिल हुए थे। सपा नेता मनोज सिंह डब्लू 26 नवंबर से माधोपुर में भागवत कथा कराने जा रहे हैं। इससे पहले भाजपा विधायक सुशील सिंह ने चंदौली में राजन जी महाराज की रामकथा कराई थी। लखनऊ उत्तर से विधायक नीरज बोरा ने जगद्गुरु रामभद्राचार्य से रामकथा करवाई थी। बलिया की बांसडीह सीट से विधायक केतकी सिंह ने भी राजन जी महाराज से रामकथा कराई थी। सरोजनीनगर के विधायक राजेश्वर सिंह ने बीते दिनों भजन संध्या का आयोजन करवाया था। अब वह हनुमत कथा करवाने जा रहे हैं।

प्रयागराज में हुई एक कथा में शामिल हुए पूर्व विधायक उदयभान भी चर्चा का विषय रहे। उन्नाव की भगवंतनगर सीट से दावेदारी कर रहे अरुण सिंह ने प्रदीप मिश्रा से शिवपुराण कथा करवाई थी। वरिष्ठ राजनीतिक विश्लेषक वीरेंद्र सिंह रावत कहते हैं कि राजनीति का ट्रेंड समय के अनुसार बदल रहा है। पहले पोस्टर-बैनर और दीवारों पर लिखकर राजनीतिक संदेश दिया जाता था। इसके बाद होर्डिंग और बैनर प्रचार का माध्यम बने। अब सोशल मीडिया और धार्मिक कथाएं राजनीतिक प्रचार का बड़ा और शक्तिशाली हथियार बन गई हैं।

वहीं, वरिष्ठ राजनीतिक विश्लेषक रतन मणि लाल ने कहा कि भाजपा ने जिस तरह धार्मिक आयोजनों का राजनीतिक तौर पर लाभ उठाया है, उससे दूसरी पार्टियों को भी इस दिशा में सोचने के लिए प्रेरित किया है। पहले दूसरी पार्टियां इसका मजाक बनाती थीं। वे कहती थीं कि धर्म को बेचा जा रहा है और धर्म के नाम पर वोट मांगे जा रहे हैं। शायद उन्हें उम्मीद थी कि लोग उनकी इस दलील को स्वीकार करेंगे और धर्म तथा राजनीति को अलग करके देखेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की लगातार जीत से दूसरी पार्टियों को भी समझ में आ गया है कि धर्म और राजनीति का यह मेल भाजपा के लिए फायदेमंद साबित हुआ है।

उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विकास और निवेश की बातें करते हैं, लेकिन अंततः उनकी राजनीतिक अपील धार्मिक मुद्दों पर भी केंद्रित रहती है। रतन मणि लाल के मुताबिक, हर राजनीतिक पार्टी अपनी सफलता के लिए नए-नए फॉर्मूले तलाशती रहती है। किसी के पास चुनाव जीतने का कोई सुनिश्चित फॉर्मूला नहीं है। ऐसे में दूसरी पार्टियों को भी लगता है कि धार्मिक आयोजनों के इस फॉर्मूले को आजमाकर देखा जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने लंबे समय तक इस तरह के आयोजनों से दूरी बनाए रखी थी। इतना ही नहीं, वे इनका मजाक भी उड़ाती थीं और पूजा-पाठ करने वालों को लेकर टिप्पणियां करती थीं। लेकिन अब चुनाव जीतने के लिए धार्मिक आयोजन भी प्रचार का एक माध्यम बन गए हैं।

रतन मणि लाल ने कहा कि भाजपा ने लंबे समय तक राम मंदिर जैसे मुद्दे को अपने राजनीतिक एजेंडे में रखा। अब राम मंदिर का मुद्दा पूरा हो चुका है, जबकि कृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे को समाजवादी पार्टी भी जोर-शोर से उठा रही है। ऐसे में इन आयोजनों के जरिए सपा यह संदेश देना चाहती है कि हिंदू सनातन परंपरा को बचाए रखने और आगे बढ़ाने में उसकी भी भूमिका है। भाजपा इस संदेश का राजनीतिक इस्तेमाल पहले कर चुकी है और अब दूसरी पार्टियां भी इसी दिशा में आगे बढ़ती दिखाई दे रही हैं।

–आईएएनएस

विकेटी/पीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.