उपराष्ट्रपति, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह ने दीं राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस की शुभकामनाएं

Summary :

नई दिल्ली, 23 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन सहित कई नेताओं ने शुभकामनाएं दी हैं। उपराष्ट्रपति की ओर से आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल से लिखा गया, “राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर हार्दिक शुभकामनाएं। अंतरिक्ष अन्वेषण में भारत की शानदार उपलब्धियां हमारी वैज्ञानिक उत्कृष्टता, नवाचार की भावना और ज्ञान की सीमाओं को आगे बढ़ाने के हमारे संकल्प का प्रमाण हैं। जैसे-जैसे हम गगनयान जैसे महत्वाकांक्षी मिशनों की ओर बढ़ रहे हैं, मैं अपने वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और नवप्रवर्तकों को नमन करता हूं, जिनकी लगन देश को लगातार नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है। उनकी उपलब्धियां हमारे युवाओं…

नई दिल्ली, 23 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन सहित कई नेताओं ने शुभकामनाएं दी हैं।

उपराष्ट्रपति की ओर से आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल से लिखा गया, “राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर हार्दिक शुभकामनाएं। अंतरिक्ष अन्वेषण में भारत की शानदार उपलब्धियां हमारी वैज्ञानिक उत्कृष्टता, नवाचार की भावना और ज्ञान की सीमाओं को आगे बढ़ाने के हमारे संकल्प का प्रमाण हैं। जैसे-जैसे हम गगनयान जैसे महत्वाकांक्षी मिशनों की ओर बढ़ रहे हैं, मैं अपने वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और नवप्रवर्तकों को नमन करता हूं, जिनकी लगन देश को लगातार नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है। उनकी उपलब्धियां हमारे युवाओं को बड़े सपने देखने और ‘विकसित भारत’ के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करें।”

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में लिखा, “राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर हार्दिक शुभकामनाएं! अंतरिक्ष में भारत की शानदार यात्रा—चंद्रयान मिशन की ऐतिहासिक सफलता से लेकर महत्वाकांक्षी गगनयान मिशन तक—देश की वैज्ञानिक उत्कृष्टता, तकनीकी क्षमता और इनोवेशन की अटूट भावना को दर्शाती है। इस अवसर पर, मैं हमारे वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और भारत के अंतरिक्ष समुदाय के हर उस सदस्य को नमन करता हूं, जिनकी लगन और प्रतिभा देश को नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है। आइए, हम एक आत्मनिर्भर और वैश्विक स्तर पर अग्रणी अंतरिक्ष शक्ति बनाने के अपने संकल्प को दोहराएँ और अपने युवाओं को बड़े सपने देखने और आसमान की बुलंदियों को छूने के लिए प्रेरित करें।”

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा, “नेशनल स्पेस डे’ पर सभी नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं। यह एक ऐतिहासिक दिन है जब भारत के चंद्रयान-3 ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडिंग की थी। यह दिन इसरो के उन वैज्ञानिकों का सम्मान करने का भी है जिन्होंने अपनी प्रतिभा से इतिहास में अपनी अमिट छाप छोड़ी है। भारत को अंतरिक्ष के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के मोदी जी के विजन की सफलता का यह ऐतिहासिक मील का पत्थर, हमारे युवाओं के लिए अंतरिक्ष अन्वेषण में सभ्यता की नई ऊंचाइयों को छूने की प्रेरणादायक नींव बना है। हमारे सभी अंतरिक्ष वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को मेरी शुभकामनाएं।”

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “राष्ट्रीय स्पेस डे पर, हम उस खोज की भावना का सम्मान करते हैं जो भारत को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव तक ले गई। चंद्रयान-3 हमारे वैज्ञानिकों की दूरदर्शिता, कड़ी मेहनत और दृढ़ता का प्रमाण है। इसरो के उन शानदार वैज्ञानिकों को सलाम जिन्होंने इस सपने को हकीकत में बदलकर इतिहास रच दिया।

जेपी नड्डा की ओर से सोशल मीडिया पर लिखा गया, “चंद्रयान-3 की ऐतिहासिक लैंडिंग से लेकर आदित्य-एल1, स्पैडेक्स और गगनयान मिशन तक, भारत अब केवल अंतरिक्ष की ओर देख नहीं रहा है, बल्कि अंतरिक्ष अन्वेषण के भविष्य को आकार दे रहा है। आइए, माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में मिलकर, अंतरिक्ष के क्षेत्र में एक आत्मनिर्भर और वैश्विक स्तर पर अग्रणी भारत की राह बनाएं। साथ ही, अपने युवाओं को ऊंचे लक्ष्य तय करने, बड़े सपने देखने और सितारों के बीच भविष्य को आकार देने के लिए सशक्त बनाएं।”

–आईएएनएस

एसडी/पीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.