क्यों टली Axiom-4 मिशन की लॉन्चिंग? अंतरिक्ष में कब जाएंगे शुभांशु

Summary :

शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष यात्रा फिर टली, नई तारीख 22 जून

भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला को ले जाने वाला एक्सिओम-4 मिशन फिर से टल गया है। नई लॉन्चिंग तारीख 22 जून तय की गई है। इसरो ने पुष्टि की कि स्पेसएक्स और नासा के साथ तैयारियों के मूल्यांकन के बाद यह निर्णय लिया गया। शुभांशु की यात्रा भारत के लिए ऐतिहासिक होगी।

भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला को इंटरनेशनल स्पेस सेंटर ले जाने वाला एक्सिओम-4 मिशन एक बार फिर टल गया है। पिछली बार लॉन्चिंग की तारीख 19 जून तय की गई थी, लेकिन इसको आगे बढ़ाया गया है। एक्सिओम 4 मिशन को लॉन्च करने की नई तारीख 22 जून तय की गई है। भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी इसरो ने मिशन स्थगित होने की पुष्टि की है।

एजेंसी ने बताया, “इसरो, पोलैंड और हंगरी की टीमों ने एक्सिओम स्पेस के साथ एक्सिओम मिशन 4 के संभावित लॉन्च समय को लेकर विस्तार से चर्चा की। इसके बाद एक्सिओम स्पेस ने नासा और स्पेसएक्स के साथ कई तैयारियों के पहलुओं का मूल्यांकन किया। स्पेसएक्स के फाल्कन 9 लॉन्च वाहन, ड्रैगन अंतरिक्षयान, स्पेस स्टेशन के ज्वेज्दा मॉड्यूल में मरम्मत कार्य, मौसम की स्थिति और क्वारंटाइन में मौजूद क्रू की सेहत और तैयारियों के आधार पर एक्सिओम स्पेस ने सूचित किया है कि अगली संभावित लॉन्चिंग की तारीख 22 जून है।”

केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने मिशन स्थगित होने की जानकारी दी। जितेंद्र सिंह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, “मॉड्यूल फिटनेस, क्रू हेल्थ, मौसम आदि समेत प्रमुख मापदंडों का आकलन करने के बाद एक्सिओम स्पेस ने संकेत दिया है कि 22 जून को एक्सिओम-4 मिशन की अगली संभावित लॉन्च तिथि हो सकती है, जो अन्य लोगों के अलावा भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला को इंटरनेशनल स्पेस सेंटर पर ले जाएगा।” उन्होंने लिखा, “आगे कोई भी अपडेट होने पर उसे समय के अनुसार साझा किया जाएगा।”

इसके पहले जितेंद्र सिंह ने ही एक्सिओम-4 मिशन की लॉन्चिंग की तारीख 19 जून बताई थी। केंद्रीय मंत्री ने बताया था कि स्पेस एक्स टीम ने पुष्टि की कि लॉन्च को पहले स्थगित करने वाले सभी मुद्दों पर पूरी तरह से काम किया गया। फिलहाल इस मिशन को 5वीं बार टाल दिया गया है।

भारत के लिए एक्सिओम-4 मिशन बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि इस मिशन के तहत ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला पहले भारतीय अंतरिक्ष यात्री के रूप में इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन की यात्रा करेंगे। शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर विशेष खाद्य और पोषण संबंधी प्रयोग करेंगे, जो भविष्य के अंतरिक्ष अभियानों और अंतरिक्ष यात्रियों के स्वास्थ्य के लिए बेहद अहम होंगे।

न मौत का डर, न कानून का, युवक ने ट्रेन से किया खतरनाक स्टंट, वीडियो वायरल

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.