Yuzvendra Chahal Joins BJP: भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल ने अब क्रिकेट के मैदान के बाद राजनीति में नई पारी की शुरुआत की है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को चहल को पार्टी के राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा की नई कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य (स्पेशल इनवाइटी) नियुक्त किया है। भाजपा की ओर से जारी नई नियुक्तियों के तहत चहल को राष्ट्रीय कार्यसमिति के विशेष आमंत्रित सदस्य की जिम्मेदारी दी गई है।
पार्टी के मुताबिक, ये नियुक्तियां भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देशानुसार की गई हैं। इनमें राष्ट्रीय पदाधिकारियों, राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्यों और विशेष आमंत्रित सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।
राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा की नई कार्यकारिणी में चहल को जगह
भाजपा ने राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा की नई कार्यकारिणी का गठन करते हुए कई नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी हैं। इसी क्रम में भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र सिंह चहल को राष्ट्रीय कार्यसमिति का विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है।
चहल के अलावा ओडिशा से प्रो. अद्वैत चरण नायक और उत्तर प्रदेश से एडवोकेट सीमा समृद्धि कुशवाहा को भी राष्ट्रीय कार्यसमिति का विशेष आमंत्रित सदस्य नियुक्त किया गया है।
चहल की इस नियुक्ति को उनके क्रिकेट करियर के बाद सार्वजनिक जीवन में नई भूमिका की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।
इन नेताओं को बनाया गया राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
भाजपा ने राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा में कई नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी सौंपी है। असम के जोगेन मोहन, ओडिशा की ममता मोहंता, उत्तर प्रदेश के संगम लाल गुप्ता और संगीता बलवंत बिंद को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।
इसके अलावा महाराष्ट्र के बबनराव राजी चौधरी, दिल्ली के सत प्रकाश राणा और बिहार के डॉ. अर्जुन सहनी को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
राष्ट्रीय महामंत्री और मंत्रियों की भी नियुक्ति
नई कार्यकारिणी में दिल्ली से राजेन्द्र यादव, कर्नाटक से प्रमोद मध्वराज और छत्तीसगढ़ से ललित गंगराकार को राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किया गया है।
वहीं, राष्ट्रीय मंत्री के पद पर गुजरात से दशरथजी ठाकोर, तमिलनाडु से टी. भरथराजन, झारखंड से संजीव कुमार (बबलू भगत), हरियाणा से सरिता जांघड़, तेलंगाना से कडंगी रमेश, मध्य प्रदेश से वैभव पंवार और बिहार से भीम कुमार साहू को जिम्मेदारी दी गई है।
इन नेताओं को मिली संगठन में अहम जिम्मेदारियां
उत्तर प्रदेश के राधेश्याम यादव को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है। दिल्ली के संजय कुमार गुप्ता को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री और दिल्ली के डॉ. अरुण यादव को राष्ट्रीय सह-कार्यालय मंत्री नियुक्त किया गया है।
मीडिया से जुड़ी जिम्मेदारी बिहार के अजय गुप्ता को देते हुए उन्हें मीडिया संयोजक बनाया गया है। दिल्ली के परीक्षित डागर को सोशल मीडिया संयोजक और मध्य प्रदेश के प्रदीप माहौर सोनी को सोशल मीडिया सह-संयोजक नियुक्त किया गया है।
नीति और शोध से जुड़ी जिम्मेदारियां भी तय
भाजपा ने राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा में नीति एवं शोध से जुड़े पदों पर भी नियुक्तियां की हैं। दिल्ली के प्रो. पंकज चौधरी को नीति एवं शोध संयोजक बनाया गया है।
वहीं, ओडिशा के आशुतोष बेहेरा और उत्तर प्रदेश के राहुल यादव को नीति एवं शोध सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी ने नई कार्यकारिणी के जरिए संगठन के अलग-अलग विभागों में जिम्मेदारियां तय की हैं।
ऐसा रहा है युजवेंद्र चहल का क्रिकेट करियर
युजवेंद्र चहल भारतीय क्रिकेट के प्रमुख लेग स्पिनरों में रहे हैं। उन्होंने भारत की ओर से 72 वनडे और 80 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके नाम कुल 217 विकेट दर्ज हैं।
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में चहल ने 49 मुकाबलों में 148 विकेट हासिल किए हैं। वहीं, लिस्ट-ए क्रिकेट के 151 मैचों में उनके नाम 240 विकेट हैं।
आईपीएल में भी चहल का रहा शानदार रिकॉर्ड
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में चहल मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स जैसी टीमों का हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने आईपीएल में 188 मुकाबले खेले हैं और 23.24 की औसत से 233 विकेट हासिल किए हैं।
चहल आखिरी बार भारतीय टीम की ओर से अगस्त 2023 में मैदान पर उतरे थे। अब क्रिकेट के मैदान से अलग भाजपा के राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा में मिली नई जिम्मेदारी के साथ उनकी सार्वजनिक जीवन में नई भूमिका शुरू हुई है।


Download Android App
Download iOS App






