जम्मू एवं कश्मीर के गान्दरबल जिले में सोमवार को सुरक्षा बलों के साथ झड़प में घायल हुए 23 वर्षीय व्यक्ति की मंगलवार को यहां मौत हो गई। यह जानकारी अस्पताल प्रशासन ने दी है। गौहर अहमद राथर कांगन शहर में घायल हुआ था। राथर की मौत के साथ ही रविवार से कश्मीर में मरने वाले नागरिकों की संख्या पांच हो गई है।
पुलिस ने शुरू में कहा था कि युवक सुरक्षा बलों द्वारा पीछा करने के दौरान खुद ही घायल हुआ था। लेकिन शेर-ए-कश्मीर चिकित्सा विज्ञान संस्थान के चिकित्सकों ने कहा कि उसे पेलेट्स मारी गई थीं, जिसके कारण उसकी खोपड़ी में फ्रैक्चर हो गया और उसे मस्तिष्क में घातक चोट पहुंची। इसी अस्पताल में युवक को भर्ती कराया गया था।
श्रीनगर से 40 किलोमीटर दूर श्रीनगर-लेह राजमार्ग पर कांगन शहर में युवक की मौत की खबर फैलने के बाद तनाव फैल गया। अधिकारियों ने शहर में कर्फ्यू लगा दिया, लेकिन गुस्साए युवक प्रतिंबधों की उपेक्षा कर सुरक्षा बलों के साथ भिड़ गए।
कांगन से विधायक और नेशनल कांफ्रेंस के वरिष्ठ नेता मियां अल्ताफ अहमद ने युवक की हत्या मामले में न्यायिक जांच की मांग करते हुए कहा कि अनुचित बल का प्रयोग किया गया था। आंदोलन के कारण व्यस्त रहने वाले श्रीनगर-सोनमर्ग मार्ग पर यातायात रुक गया।
शोपियां जिले में रविवार को आतंक रोधी अभियान को बाधित करने का प्रयास कर रहे प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा बलों के साथ झड़प में चार नागरिकों की मौत हो गई थी। शोपियां में उग्र मुठभेड़ में 13 आतंकियों को मार गिराया गया था। इस मुठभेड़ में तीन जवान भी शहीद हुए थे।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App



