जम्मू-कश्मीर: राजौरी में संदिग्ध आतंकी हमले के बाद सुरक्षा बढ़ाई गई

Summary :

अज्ञात व्यक्तियों ने सेना के वाहन पर पांच राउंड फायरिंग की थी

जम्मू-कश्मीर के राजौरी में सुंदरबनी सेक्टर में सेना के वाहन पर हुए संदिग्ध आतंकवादी हमले के बाद जम्मू और कश्मीर के रियासी जिले में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारी के अनुसार, अज्ञात व्यक्तियों ने दोपहर करीब 12:45 बजे फाल गांव में सेना के वाहन पर लगभग पांच राउंड फायरिंग की, जिसके बाद सेना ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया।

चौकियां बनाई गई

इस बीच, सुरक्षा बढ़ाने के लिए, जम्मू-राजौरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर विशेष जांच चौकियां बनाई गई है। जिन्हें स्थानीय भाषा में ‘नाका’ के रूप में जाना जाता है। इन उपायों का उद्देश्य आवाजाही की निगरानी और नियंत्रण करना, नागरिकों और सुरक्षा कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

तलाशी अभियान शुरू

इससे पहले, राष्ट्र-विरोधी तत्वों के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता में, सुरक्षा बलों ने रियासी जिले के माहौर के सिम्बली शजरू इलाके में एक आतंकवादी ठिकाने का भंडाफोड़ किया और भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया। विशिष्ट खुफिया सूचनाओं पर कार्रवाई करते हुए, एक सुव्यवस्थित तलाशी अभियान शुरू किया गया, जिसके परिणामस्वरूप चार मैगजीन, एके-47 राइफल गोला-बारूद के 268 राउंड, चार अंडर बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (यूबीजीएल) और डेटोनेटर के चार पैकेट बरामद हुए।

Himanshu Negi

हिमांशू नेगी को देश-विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने GGSIPU से संबद्ध LLDIMS कॉलेज से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन (BJMC) की पढ़ाई की है। इसके बाद HNBGU Central University से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन (MAJMC) पूरा किया और पत्रकारिता की शुरुआत की। दैनिक जागरण और IJCP Pvt Ltd. में इंटर्नशिप करने के बाद उन्होंने सुदर्शन टीवी चैनल में 9 PM शो के लिए प्रोड्यूसर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।