Kathua Cloudburst: किश्तवाड़ के बाद अब कठुआ में भी बादल फटा है। रविवार (17 अगस्त) को कठुआ ज़िले के जोड़ इलाके में बादल फटने से भारी तबाही मची है। कई घर मलबे की चपेट में आ गए हैं। जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग का एक हिस्सा भी मलबे की चपेट में आ गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग की एक ट्यूब बंद कर दी गई है। हालांकि शुरुआत में किसी के हताहत होने की खबर नहीं थी, लेकिन बाद में पता चला कि चार लोग मारे गए हैं और छह घायल हुए हैं। राहत और बचाव कार्य के लिए बचाव दल मौके पर पहुंच गए हैं।
बादल फटने से गांव का संपर्क बाकी इलाके से कट गया और ज़मीन-जायदाद को नुकसान पहुंचा। पुलिस और एसडीआरएफ की एक संयुक्त टीम तुरंत गांव भेजी गई। अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पर नज़र रखी जा रही है। इसके अलावा, कठुआ थाना अंतर्गत आने वाले बागड़ और चांगरा गांवों और लखनपुर थाना अंतर्गत दिलवान-हटली इलाके में भारी बारिश के कारण भूस्खलन भी हुआ। हालांकि, यहां किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।
भारी बारिश के कारण अधिकांश जल स्रोतों का जल स्तर अचानक बढ़ गया है। उझ नदी भी खतरे के निशान के करीब बह रही है। ज़िला प्रशासन ने लोगों से सुरक्षा की दृष्टि से जल स्रोतों से दूर रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। गौरतलब है कि इससे पहले किश्तवाड़ ज़िले के चसोती में बादल फटने की घटना हुई थी, जिसमें कमोबेश 65 लोगों की मौत हो गई थी।


Download Android App
Download iOS App




