जम्मू & कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने आज केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की और कश्मीर घाटी में हाल में तेज हुई हिंसा सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। तीस मिनट चली मुलाकात में मुख्यमंत्री ने गृह मंत्री को जम्मू कश्मीर के मौजूदा हालात और कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी दी।
गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि राजनाथ सिंह ने राज्य में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए महबूबा की सरकार को केंद की पूरी सहायता का आश्वासन दिया। जम्मू कश्मीर में हिंसा की कई घटनाएं हुई हैं जिसमें सुरक्षा बलों पर हमला, पीडीपी कार्यकर्ता की हत्या के बाद उसके घर पर हमला और एक शिक्षक की गला रेत कर हत्या शामिल है।
अधिकारी ने कहा कि ऐसा माना जाता है कि मुलाकात में जम्मू कश्मीर में अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा के करीब रह रहे लोगों की परेशानियों को देखने के लिए एक अध्ययन समूह के गठन को लेकर भी चर्चा की गई है। मुख्यमंत्री ने रेल मंत्री पीयूष गोयल से भी कल मुलाकात की थी।


Download Android App
Download iOS App



