पुंछ में पाक गोलाबारी, भाजपा नेताओं ने किया नुकसान का जायजा

Summary :

पाकिस्तान की गोलीबारी पर भाजपा की कड़ी आलोचना

जम्मू-कश्मीर के पुंछ में पाकिस्तानी गोलाबारी के बाद भाजपा नेताओं ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और शहीद बच्चों के परिवारों से मुलाकात की। भाजपा प्रदेश महासचिव विनोद गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कड़े संदेश का जिक्र करते हुए कहा कि पाकिस्तान की एक गलती अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पीएम ने स्पष्ट किया है कि आतंकवाद और बातचीत एक साथ नहीं चल सकते।

जम्मू-कश्मीर के पुंछ में पाकिस्तानी गोलाबारी से हुए जानमाल के नुकसान का भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महासचिव और पूर्व एमएलसी विनोद गुप्ता ने जायजा लिया। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संत शर्मा और अन्य नेताओं के साथ पुंछ में पाकिस्तानी गोलाबारी में शहीद हुए 12 साल के जुड़वां बच्चों के घर पहुंचकर परिवार के साथ सहानुभूति प्रकट करते हुए बच्चों की शहादत पर शोक व्यक्त किया। इस अवसर पर संत शर्मा ने पाकिस्तानी सेना द्वारा पुंछ में रिहायशी इलाकों पर गोलीबारी करने के लिए पाकिस्तान की जमकर आलोचना की। उन्होंने प्रधानमंत्री के सोमवार के संबोधन में पाकिस्तान को दिए कड़े संदेश पर कहा कि प्रधानमंत्री ने यह साफ कर दिया है कि अब पाकिस्तान की एक गलती उसके लिए सही नहीं होगी क्योंकि ऑपरेशन समाप्त नहीं, स्थगित हुआ है। बता दें कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद पाकिस्तान ने भारत के सीमावर्ती क्षेत्रों पर हमले किए। इस दौरान पुंछ में जानमाल का नुकसान हुआ था।

सीजफायर का असर, जम्मू-कश्मीर समेत सरहदी इलाकों में शांति : भारतीय सेना

भाजपा के प्रदेश महासचिव विनोद गुप्ता का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साफ तौर पर पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी दे दी है। पीएम ने पाकिस्तान को बता दिया है कि आतंकवाद और बातचीत, आतंकवाद और व्यापार एक साथ नहीं चल सकता। पानी और खून एक साथ नहीं बह सकता। अगर बात करनी है तो आतंकवाद को समाप्त करना होगा। अगर व्यापार करना है तो आतंकवाद को समाप्त करना होगा, अगर पानी चाहिए तो आतंकवाद समाप्त करना होगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का 22 मिनट का संबोधन पाकिस्तान को 22 सदियों तक याद रहेगा। कभी पाकिस्तान कश्मीर की बात करता था, अब वह पीओके की बात करने में सक्षम नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीधे तौर पर कहा है कि आतंक और व्यापार दोनों साथ नहीं हो सकते हैं, पानी और खून दोनों एक साथ नहीं चल सकता है। पाकिस्तान हमारे लोगों को मारेगा और हम उनको पानी देंगे, ऐसा संभव नहीं है। पीएम ने कहा है कि युद्ध खत्म नहीं, स्थगित हुआ है। अगर आतंक के मामले दोबारा भारत में होंगे तो पाकिस्तान को इसका परिणाम भुगतना पड़ेगा।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.