कश्मीर में कई स्थानों पर आज ईद की नमाज के बाद युवकों के समूह और सुरक्षा बलों के बीच झड़पें हो गयी। यह जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि झड़पों की खबरें श्रीनगर, अनंतनाग और सोपोर से आई हैं। ये झड़पें ईद की सामूहिक नमाज पढ़े जाने के बाद हुई ।
उन्होंने कहा कि यहां ईदगाह पर नमाज पूरी होने के तुरंत बाद युवकों के एक समूह ने सुरक्षा बलों पर पथराव शुरू कर दिया। सुरक्षा बल यहां कानून-व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए तैनात किए गए थे।
अधिकारी ने कहा कि सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। उन्होंने कहा कि किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है। उन्होंने कहा कि इसी तरह की झड़पें अनंतनाग में जंगलात मंडी के पास और सोपोर शहर में जामा मस्जिद के पास भी हुई हैं। ये झड़पें भी ईद की नमाज के बाद हुई ।
उन्होंने कहा कि अंतिम खबर आने तक युवक सुरक्षाबलों पर पत्थर बरसा रहे थे। अधिकारी ने कहा कि सुरक्षा बलों ने अधिकतम संयम बरता और अभी तक किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
पुलिस ने कल जेकेएलएफ प्रमुख यासिन मलिक को गिरफ्तार किया था, वहीं हुर्रियत कांफ्रेंस के दोनों धड़ों के प्रमुखों सैयद अली शाह गिलानी और मीरवाइज उमर फारूक को आज सुबह उनके घर में नजरबंद किया गया। इन लोगों ने घोषणा की थी कि वे ईदगाह में ईद की नमाज में शामिल होंगे।


Download Android App
Download iOS App



