जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में ठंड का प्रकोप देखा जा रहा है। यहां पर तापमान 0 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। लद्दाख के कारगिल में तापमान -13.5°C डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। श्रीनगर में इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात रही और न्यूनतम तापमान माइनस 6.0 डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा। पूरे कश्मीर में कड़ाके की ठंड है और जल निकायों का पानी जम गया है। जम्मू में भी न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक शीत लहर चलने की चेतावनी दी है।
श्रीनगर में पारा माइनस 6 डिग्री
जम्मू-कश्मीर में हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। कश्मीर घाटी में तापमान शून्य से नीचे चला गया है। यहां तक कि झरने भी जम गए हैं। श्रीनगर में आज रात का न्यूनतम तापमान माइनस 6 डिग्री दर्ज किया गया। श्रीनगर में यह तापमान इस सीजन का सबसे कम है। यानी बुधवार की रात इस मौसम की सबसे ठंडी रात रही। पूरा कश्मीर अत्यधिक ठंड की चपेट में है। पूरे कश्मीर में रात का पारा जमाव बिंदु से कई डिग्री नीचे चला गया है। श्रीनगर शहर के कई हिस्सों में कोहरे की हल्की परत जमी देखी गई।
ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना
इसके कारण खांसी और सामान्य सर्दी जैसी बीमारियों से लोग पीड़ित हो रहे हैं। पूरे प्रदेश में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने का अनुमान है और अगले कुछ दिनों के दौरान शीत लहर चलेगी। श्रीनगर स्थित मौसम विभाग के अनुसार 26 दिसंबर तक मुख्य रूप से मौसम शुष्क ही रहेगा। अलबत्ता, 21-22 दिसंबर की रात को कश्मीर के ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना है। इसके बाद 27 दिसंबर की रात से 28 दिसंबर की सुबह तक कुछ ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी भी संभव है।
जम्मू में भी कड़ाके की ठंड
जम्मू में गुरुवार को पूरे दिन धूप रही, लेकिन ठंड का असर कम नहीं हुआ। श्रीनगर समेत कश्मीर में अधिकतर हिस्सों में भी हल्की धूप रही। दक्षिण कश्मीर में पर्यटन स्थल एवं अमरनाथ यात्रा के आधार शिविर पहलगाम का न्यूनतम तापमान माइनस 6.8 डिग्री सेल्सियस रहा। गुलमर्ग में यह तापमान शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। काजीगुंड में न्यूनतम तापमान माइनस 7.0 और कुपवाड़ा में माइनस 6.2, तथा कोकेरनाग में माइनस 5.3 डिग्री सेल्सियस रहा।


Download Android App
Download iOS App





