शाजापुर: मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले से एक दर्दनाक वारदात सामने आई है, जहां महज 70 रुपये के टोल टैक्स विवाद में एक पिकअप चालक ने टोल मैनेजर की गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी। अकोदिया-शुजालपुर मार्ग स्थित टोल प्लाजा पर हुई इस घटना में टोल मैनेजर की मौके पर ही मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानिए क्या है पूरा मामला
यह घटना सोमवार शाम करीब 6:45 बजे की है, जब एक खाली लोडिंग पिकअप वाहन (MP 42 ZE 1826) टोल प्लाजा पर पहुंचा। वहां मौजूद टोल मैनेजर ने चालक से 70 रुपये टोल शुल्क की मांग की, लेकिन चालक ने पैसे देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर चालक ने अपनी पिकअप को रिवर्स गियर में डालकर सीधे टोल मैनेजर पर चढ़ा दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया, जबकि गंभीर रूप से घायल टोल मैनेजर ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
पिछले चार साल से टोल प्लाजा पर कार्यरत थे मृतक
मृतक टोल मैनेजर की पहचान 26 वर्षीय प्रदीप मीणा के रूप में हुई है। वे मूल रूप से मध्य प्रदेश के सीहोर जिले की श्यामपुर तहसील अंतर्गत राम पलासी गांव के निवासी थे। जानकारी के मुताबिक, प्रदीप पिछले चार साल से इस टोल प्लाजा पर मैनेजर के पद पर काम कर रहे थे।
मुआवजे की मांग पर अड़े ग्रामीण
इस नृशंस हत्या के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने अकोदिया-शाजापुर मार्ग पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि फरार आरोपी चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और मृतक के परिजनों को उचित आर्थिक मुआवजा दिया जाए। इसके अलावा ग्रामीण मौके पर एमपीआरडीसी (MPRDC) और टोल एजेंसी के वरिष्ठ अधिकारियों को बुलाने की मांग पर भी अड़े रहे।
एक साल पहले हुई थी शादी
बताया जा रहा है कि मृतक प्रदीप मीणा की शादी महज एक साल पहले ही हुई थी और पूरे परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। वहीं, प्रदर्शन के चलते सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिसके बाद एसडीओपी निमेश देशमुख और तहसीलदार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाइश देकर शांत कराने के प्रयास में जुट गए।
यह भी पढ़ें: शराब की लत छुड़ाने और जान बचाने के लिए सागर प्रशासन की अनूठी पहल, लगाए हेल्थ कैंप


Download Android App
Download iOS App




