देहरादून : प्रदेश में स्वाइन फ्लू का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार बीमारी के वायरस से मरने वालों की संख्या में इजाफा हो रहा है। आलम यह है कि वायरस न सिर्फ नए लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है, बल्कि कईयों की जान भी लील रहा है। बीते सोमवार स्वाइन फ्लू पीड़ित एक और मरीज की मौत हो गई है।
जानकारी के अनुसार हरिद्वार निवासी 60 वर्षीय महिला पटेलनगर स्थित श्री महंत इंदिरेश अस्पताल में बीती 16 जनवरी से भर्ती थी। महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह प्रदेश में अब तक स्वाइन फ्लू पीड़ित 14 मरीजों की मौत हो चुकी है। अकेले श्री महंत इंदिरेश अस्पताल में इस बीमारी से 11 मरीजों की मौत हो चुकी है। इधर, मंगलवार दोपहर तक छह और नए मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।
इस तरह प्रदेश में अब तक एच-1एन-1 वायरस 48 लोगों को अपनी चपेट में ले चुका है, जिनमें से चौदह की मौत हुई है। स्वाइन फ्लू से पीड़ित 16 मरीज शहर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं। इस बीमारी को फैलाने वाला वायरस दिन-प्रतिदिन जानलेवा साबित होता जा रहा है, बावजूद इसके स्वास्थ्य महकमा इसको सामान्य स्थिति बता रहा है। स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों पर पर्दा डालने के लिए डेथ ऑडिट का शिगूफा छोड़ा गया है। विभाग यह तर्क दे रहा है कि जिन मरीजों की मौत हुई है उनमें अधिकांश गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे।


Download Android App
Download iOS App



