कांग्रेस विधायक संग्राम थोपटे के समर्थकों द्वारा पुणे में कांग्रेस पार्टी के कार्यालय में हमला करने के मामले में 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बताया जाता है कि थोपटे को महाराष्ट्र के मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किए जाने की वजह से कार्यकर्ता नाराज हैं।
पुलिस ने बुधवार को बताया कि थोपटे के समर्थकों ने शिवाजीनगर इलाके में स्थित ‘कांग्रेस भवन’ में मंगलवार को धावा बोला और तोड़फोड़ की। कार्यकर्ताओं ने थोपटे को मंत्री नहीं बनाए जाने को लेकर कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी की। वह भोर सीट से विधायक हैं और पूर्व मंत्री अनंतराव थोपटे के बेटे हैं।
शिवाजीनगर पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने इसके बाद थोपटे के 19 समर्थकों को मंगलवार की रात गिरफ्तार किया है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि थोपटे को मंत्री नहीं बनाए जाने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में गुस्सा है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने सोमवार को अपनी एक महीने पुरानी सरकार की मंत्रिपरिषद का विस्तार किया था।


Download Android App
Download iOS App



