रुद्रप्रयाग : उत्तराखंड में मानसून की बारिश आफत भी ला रही है। भूस्खलन की वजह से केदारनाथ हाईवे अवरुद्ध हो गया। बदरीनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री यात्रा मार्ग सुचारु हैं। वहीं, पिथौरागढ़ में मकान के ध्वस्त होने से एक परिवार के तीन लोग घायल हो गए। देहरादून, हरिद्वार, उधमसिंह नगर आदि मैदानी क्षेत्र में बारिश के दौरान लोगों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ रहा है।
वहीं, गुरुवार शाम साढ़े तीन बजे केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर लिंचोली के समीप पहाड़ी से मलबा गिरा। इससे 8 तीर्थ यात्रियों के घायल होने की सूचना है। प्रशासन की टीमें मौके पर है, घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। गुरुवार को कुमाऊं के अधिकांश स्थानों पर सुबह बारिश का दौर फिर शुरू हुआ, वहीं, देहरादून, हरिद्वार के साथ ही गढ़वाल के अधिकांश स्थानों पर सुबह बारिश थमी रही। दोपहर बारह बजे के बाद फिर से बारिश का दौर शुरू हुआ।
चमोली में सुबह हुई बारिश के चलते नंदप्रयाग के निकट सड़क पर मलबा आने से बदरीनाथ हाईवे करीब आधे घंटे तक अवरुद्ध रहा। वहीं, बांसवाड़ा के निकट पहाड़ी दरकने से गौरीकुंड हाईवे अवरुद्ध हो गया। इससे केदारनाथ जाने व वापस लौटने वाले यात्रियों के साथ ही सड़क के दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई।


Download Android App
Download iOS App



