हरिद्वार : जिलाधिकारी दीपक रावत ने आगामी कांवड़ मेला की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक कलक्ट्रेट सभागार में ली। उनके साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जन्मजेय खंडूरी भी उपस्थित थे। जिलाधिकारी ने 15 जुलाई से शुरू होने वाले कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं दुरस्त किये जाने के मद्देनजर अधिकारियों को निर्देश दिये। साथ ही एसएसपी की उपस्थिति में पुलिस प्रशासन हेतु जरूरी आवश्यकताओं का एस्टीमेट तैयार कर उपलब्ध कराये जाने की बात कही।
उन्होंने कहा कि कांवड़ पटरी के मरम्मत किये जाने हेतु सिंचाई विभाग हरिद्वार और रूड़की प्रखण्ड शीघ्र निरीक्षण कर टेंडर का कार्य शुरू करें। कांवड़ पटरी सहित पूरे मेला क्षेत्र में सभी स्थानों पर बिजली, पेयजल, टाइल्स आदि की व्यवस्था के लिए सिंचाई, पेयजल, विद्युत विभाग इन कार्यो को समय रहते निरीक्षण कर अपनी रिपार्ट दें।
जिलाधिकारी ने एनएचआई अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये कि कांवड़ मेला प्रारम्भ होने के साथ एवं समाप्त होने तक एनएचआई के अधिकारी सीसीआर परिसर में अपना कैम्प कार्यालय बनाकर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। बैठक में बी.के.मिश्र, ललित नारायण मिश्र,जगदीश लाल, श्री मंजूनाथ, नुपुर वर्मा, सोहन सिंह, श्रीमती कुश्म चौहान, श्रीमती नितिका खंडेलवाल, सुरेन्द्र कुड़ियाल सहित जनपद स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।
हर 2 किलोमीटर पर एक शौचालय होगा स्थापित
वन और लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिये कि हिल बाईपास को निरीक्षण कर दुरूस्त कर लिया जाए ताकि आवश्यकता होने पर हिल बाईपास का प्रयोग किया जा सके। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी हरिद्वार एवं सीओ लक्सर को लक्सर रोड़ की स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिये।
एएमए जिला पंचायत को निर्देश दिये कि नहर पटरी पर साफ-सफाई, गूलर के पेड़ के कटान, झाड़ी कटान तथा हर दो किलोमीटर पर एक शौचालय स्थापित किया जाए। साथ ही नजीबाबाद रोड़ कांवड़ पटरी की सफाई व्यवस्था की भी जिम्मेदारी दी।
आठ फुट से कम की कांवड़ ही बनाएं
जिला पर्यटन अधिकारी को अपने विश्राम गृह में प्रकाश व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था को अभी से सुचारू करने के निर्देश दिये। इमली खेड़ा रोड पर लोक निर्माण विभाग रात्रि विश्राम स्थल पर प्रकाश व्यवस्था करायें। सिटी मजिस्ट्रेट एवं नगर निगम हरिद्वार को कांवड विक्रेताओं के साथ बैठक कर आठ फुट से कम की कांवड ही निर्माण किये जाने हेतु निर्देशित किया। सभी पार्किंग स्थलों पर जिस विभाग द्वारा पार्किंग संचालित की जाती है, पार्किंग में पेयजल, शौचालय एवं सीसीटीवी की व्यवस्था करना सुनिश्चित करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



