बॉलीवुड अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर मंगलवार को शिवसेना में शामिल हो गईं। उर्मिला ने वर्ष 2019 में कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ा था। शिवसेना में शामिल होने के तुरंत बाद मातोंडकर ने अभिनेत्री कंगना रनौत की आलोचना करते हुए कहा कि उन्हें “अनावश्यक महत्व” दिया जा रहा है।
रनौत द्वारा मुंबई की तुलना पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर से करने पर भाजपा और सत्तारूढ़ दल शिवसेना में तकरार देखने को मिली थी। मातोंडकर (46) ने पांच महीने तक कांग्रेस में रहने के बाद सितंबर 2019 में पार्टी से इस्तीफा दे दिया था।
उन्होंने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की मौजूदगी में मुंबई के उपनगर बांद्रा स्थित उनके निवास मातोश्री में शिवसेना की सदस्यता ग्रहण की। शिवसेना के सूत्रों ने बताया कि राज्यपाल के कोटे से विधान परिषद का सदस्य बनाने के लिए पार्टी ने मातोंडकर का नाम राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को भेजा है।
पार्टी में शामिल होने के बाद मातोंडकर ने कहा, “पहले मेरे द्वारा दिए गए साक्षात्कार, बड़े साक्षात्कार का हिस्सा थे लेकिन कंगना के बारे में ज्यादातर सवाल पूछे गए थे। मुझे लगता है कि उसे आवश्यकता से अधिक महत्व दिया जा रहा है और मैं उसे और अधिक महत्व नहीं देना चाहती।”
मातोंडकर ने इसकी पुष्टि की, कि शिवसेना द्वारा महाराष्ट्र विधान परिषद के लिए उनके नाम का सुझाव दिया गया है। उन्होंने कहा, “मुझे बताया गया है कि विधान परिषद सदस्य के लिए मेरे नाम का सुझाव राज्यपाल को दिया गया है। मैं अपने राजनीतिक जीवन में महिला मुद्दों के लिए काम करना चाहती हूं।”
कांग्रेस से इस्तीफा देने के सवाल पर अभिनेत्री ने कहा कि उन्होंने पार्टी छोड़ी है लेकिन जनसेवा नहीं छोड़ी है। मातोंडकर ने कहा, “मैं शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के नेतृत्व और उनके काम से प्रभावित हूं इसलिए मैंने पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया। मुझे पार्टी में शामिल होने के लिए ठाकरे से आमंत्रण मिला था।” उन्होंने कहा कि शिवसेना की महिला इकाई पहले से ही मजबूत है और उनके साथ काम कर के उन्हें खुशी होगी।


Download Android App
Download iOS App



