तमिलनाडु में अन्नाद्रमुक की सहयोगी भाजपा ने कहा है कि राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता की करीबी रही वी के शशिकला को आगामी विधानसभा चुनाव में शामिल करना है या नहीं, इसका निर्णय अन्नाद्रमुक को ही लेना है। भाजपा के इस सवाल पर अन्नाद्रमुक ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह न तो शशिकला को और न ही उनके रिश्तेदार टीटीवी दिनाकरण नीत अम्मा मक्कल मुनेत्र कषगम को पार्टी में और न ही चुनाव के लिए किए गए गठबंधन में शामिल करेगी।
तमिलनाडु भाजपा प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव सी टी रवि से पूछा गया था कि क्या उनकी पार्टी चाहती है कि शशिकला अन्नाद्रमुक नीत गठबंधन में शामिल हो जाएं और इस संबंध में गृह मंत्री अमित शाह के कथित तौर पर मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी से बात करने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा,‘‘ केवल आप कयास लगा रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि भाजपा अन्नाद्रमुक की अगुवाई वाले गठबंधन का हिस्सा है और शशिकला तथा दिनाकरण को इसमें शामिल करना है या नहीं इस पर तमिलनाडु की सत्तारूढ़ पार्टी को निर्णय करना है।
सीटों के बटवारे को ले कर अन्नाद्रमुक के साथ किसी प्रकार के मतभेद के बारे में पूछे जाने पर रवि ने कहा ‘‘ कोई मतभेद ’’ नहीं है और बातचीत चल रही है। रवि ने कहा,‘‘ हम सभी 234 सीटों पर पार्टी को मजबूत कर रहे हैं।’’ यह पूछे जाने पर की क्या भाजपा शशिकला को गठबंधन में वापस लाने की सिफारिश कर रही है या पार्टी पर इसके लिए कोई दबाव है, अन्नाद्रमुक के वरिष्ठ नेता डी जयकुमार ने कहा ‘‘ हम पर कोई दबाव नहीं बना सकता।’’


Download Android App
Download iOS App



