विपक्षी एआईयूडीएफ विधायक फणीधर तालुकदार ने रविवार को कहा कि वह अगले सप्ताह सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल होने के लिए पार्टी और विधानसभा से इस्तीफा देंगे।
तालुकदार कांग्रेस के रूपज्योति कुर्मी और सुशांत बोरगोहेन के बाद इस्तीफा देने वाले और भाजपा का हिस्सा बनने वाले तीसरे विधायक हैं।
उन्होंने विस्तृत जानकारी दिए बिना संवाददाताओं से कहा, ‘मैंने अपनी पार्टी से इस्तीफा देने का फैसला किया है। मैं एक सितंबर को भाजपा में शामिल होऊंगा।’
तालुकदार ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) से पहली बार विधायक बने हैं। वह भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं, और पहले के विधानसभा चुनावों में कई बार इस सीट से असफल रहे हैं।
एआईयूडीएफ उम्मीदवार के रूप में, उन्होंने सत्तारूढ़ गठबंधन में सहयोगी असम गण परिषद के उम्मीदवार रंजीत डेका को हराया था, जो पार्टी के एकमात्र हिंदू विधायक बने, जिनके पास मुख्य रूप से मुस्लिम आधार है।
तालुकदार के इस्तीफे के बाद 126 सदस्यीय सदन में एआईयूडीएफ की संख्या घटकर 15 रह जाएगी।
वर्तमान में, भाजपा के पास 60 विधायक हैं, लेकिन प्रभावी संख्या 59 है, क्योंकि केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने अभी तक विधानसभा से इस्तीफा नहीं दिया है।
सत्तारूढ़ गठबंधन में सहयोगी अगप के नौ और यूपीपीएल के पांच विधायक हैं। कांग्रेस विधायकों की संख्या 27 है।


Download Android App
Download iOS App



