छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर और सुकमा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में शनिवार को नक्सली हमले में 22 जवानों के मारे जाने की घटना के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को बस्तर पहुंचे और यहां शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। वरिष्ठ अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी । वहीं गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सुकमा-बीजापुर बॉर्डर पर हुए नक्सली हमले पर जगदलपुर में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक के बाद अमित शाह ने संवादाताओं से कहा कि नक्सली हमले में जान गंवाने वाले जवानों को मैं सभी की तरफ से श्रद्धांजलि देता हूं उनका ये बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। आज हमने इस पर बैठक की। मैं देश को विश्वास दिलाता हूं कि लड़ाई रुकेगी नहीं बल्कि और गति के साथ आगे बढ़ेगी। अंत में नक्सलियों के खिलाफ हमारी जीत निश्चित है।
उन्होंने कहा कि विगत कुछ वर्षों में नक्सलियों के खिलाफ लड़ाई निर्णायक मोड़ पर पहुंची है। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने इसको और बढ़ाने का काम किया है, हम दो मकाम और आगे पहुंचे हैं। अमित शाह ने कहा कि मैं देश को विश्वास दिलाना चाहता हूं कि नक्सलियों के खिलाफ ये लड़ाई रुकेगी नहीं बल्कि और गति के साथ आगे बढ़ेगी। इस लड़ाई को अंजाम तक ले जाएंगे, नक्सलवादियों के खिलाफ हमारी विजय निश्चित है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने नक्सलियों के खिलाफ लड़ाई को लॉजिकल एन्ड तक ले जाने के लिए भारत सरकार की प्राथमिकता पहले से तय की है। मैं छत्तीसगढ़ और देश की जनता को विश्वास दिलाना चाहता हूं कि हम इस लड़ाई को अब और तेज करेंगे। उन्होंने कहा कि जो जवान शहीद हुए हैं उनके परिजनों को भी मैं कहना चाहता हूं कि इस सर्वोच्च बलिदान को देश कभी भूल नहीं सकता। मैं भारत सरकार की ओर से शहीदों के परिजनों को कहना चाहता हूं कि पूरा देश आपके साथ खड़ा है। वीर जवानों का ये बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।
इससे पहले बस्तर क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारियों ने सोमवार को यहां बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री आज सुबह सीमा सुरक्षा बल के विशेष विमान से बस्तर जिले के जगदलपुर विमानतल पहुंचे । उन्होंने बताया कि इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तथा केंद्रीय और राज्य के बल के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। उन्होंने बताया कि शाह और बघेल विमानतल से पुलिस लाइन पहुंचे जहां उन्होंने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। केंद्रीय गृह मंत्री के रूप में शाह का बस्तर क्षेत्र का पहला दौरा है।
अधिकारियों ने बताया कि हमले में शहीद 14 जवानों को जगदलपुर में श्रद्धांजलि दी गई तथा अन्य जवानों को बीजापुर जिला मुख्यालय में श्रद्धांजलि दी गई। उन्होंने बताया कि शाह जगदलपुर में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं, वह इस दौरान राज्य में वामपंथी उग्रवाद की स्थिति की समीक्षा करेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री हेलीकॉप्टर से नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले के बासागुड़ा में स्थित सीआरपीएफ के शिविर लिए रवाना होंगे। शाह यहां सीआरपीएफ और पुलिस के जवानों के साथ बातचीत करेंगे तथा भोजन करेंगे।
उन्होंने बताया कि शाह बस्तर क्षेत्र का दौरा करने के बाद राजधानी रायपुर पहुंचेंगे तथा यहां घायल जवानों से मिलेंगे। बाद में वह दिल्ली के लिए रवाना होंगे। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर और सुकमा जिले की सीमा पर शनिवार को सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बल के 22 जवान शहीद हो गये थे जबकि 31 अन्य जवान घायल हुए हैं।


Download Android App
Download iOS App



