कोलकाता और उसके आसपास के इलाकों में मतदाताओं को लुभाने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को भाजपा के एक जनसंपर्क अभियान की शुरुआत करेंगे जिसके तहत 40 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों में 2000 से अधिक छोटी-छोटी और नुक्कड़ सभाओं का आयोजन किया जाएगा।
पार्टी के एक पदाधिकारी के मुताबिक शाह के अलावा भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा और कई वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री ऐसी सभाओं को संबोधित करेंगे। उनके मुताबिक भाजपा ने इन चुनावी कार्यक्रमों को ‘‘पथ सभा’’ नाम दिया है, जिनमें कम से कम 500 लोगों के जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। पार्टी ने इस कार्यक्रम का आयोजन इसलिए किया है ताकि तृणमूल कांग्रेस के प्रभाव वाले कोलकाता और इसके आसपास के इलाकों में वह अपनी स्थिति को मजबूत कर सके।
लोगों की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए इन कार्यक्रमों का आयोजन शाम के वक्त किया जाएगा ताकि इसके तहत रिहाइशी इलाकों और सामुदायिक भवनों में अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सुनिश्चित की जा सके। इस कार्यक्रम में भाजपा के केंद्रीय नेताओं के अलावा क्षेत्रीय और स्थानीय नेताओं को भी शामिल किया जाएगा। इसके तहत पहले कार्यक्रम का नेतृत्व दम दम इलाके में शाह करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



