महाराष्‍ट्र: विश्‍वास मत से पहले संजय राउत का ट्वीट, कहा- हमको मिटा सके ये जमाने में दम नहीं

Summary :

शिवसेना नेता संजय राउत ने ट्वीट कर कहा, “आज बहुमत दिन.. 170+++++ हमको मिटा सके ये जमाने में दम नहीं, हमसे जमाना खुद है… जमाने से हम नहीं।”

शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस गठबंधन की उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महा विकास आघाड़ी सरकार आज महाराष्ट्र विधानसभा में विश्वास मत साबित करेगी।  उम्मीद है कि सरकार सुगमता से विश्वास मत हासिल कर लेगी। विधानसभा का दो दिवसीय सत्र शनिवार को शुरू होगा। पहले दिन सदन में नए मंत्रियों के परिचय के बाद विश्वास मत हासिल किया जाएगा। 
रविवार को विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा जिसके बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर सदन में धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया जाएगा। वही, इस बीच फ्लोर टेस्ट से पहले शिवसेना नेता संजय राउत ने ट्वीट कर कहा, “आज बहुमत दिन.. 170+++++ हमको मिटा सके ये जमाने में दम नहीं, हमसे जमाना खुद है… जमाने से हम नहीं।” 


गौरतलब है कि राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने ठाकरे से तीन दिसंबर तक बहुमत साबित करने को कहा है। बता दें कि प्रदेश की 288 सदस्यीय विधानसभा में सत्ताधारी गठबंधन ने 162 विधायकों के समर्थन का दावा किया था। मुख्यमंत्री पद ढाई-ढाई साल रखने के मुद्दे पर शिवसेना ने अपने गठबंधन सहयोगी भाजपा से रिश्ते तोड़ लिये थे इसके बाद उद्धव ने राकांपा और कांग्रेस के साथ हाथ मिलाकर सरकार बनाई। 

महाराष्ट्र में सरकार बनाने के लिए शिवसेना-एनसीपी-कांग्रेस ने महा विकास अघाड़ी नाम का गठबंधन बनाया है। शिवसेना प्रमुख ठाकरे ने गुरुवार की शाम को राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।

Desk Team