उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने रविवार को एक बार फिर ऐसा बयान दिया है, जिससे विवाद हो सकता है। दरअसल, मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने रामनगर में आयोजित एक कार्यक्रम में लॉकडाउन के दौरान सरकार के द्वारा बांटे गए अनाज को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि लोगों में सरकार द्वारा बांटे गए चावल को लेकर जलन भी होने लगी कि दो सदस्यों वालों को 10 किलो जबकि 20 सदस्य वालों को एक क्विंटल अनाज क्यों दिया गया ?
उन्होंने कहा की ‘भैया इसमें दोष किसका है, उसने 20 पैदा किए, आपने दो पैदा किए, तो उसको एक क्विंटल मिल रहा है, इसमें जलन काहे का। जब समय था तब आपने दो ही पैदा किए, 20 क्यों नहीं किए।’ इस दौरान सीएम ने किसी धर्म या जाति का नाम नहीं लिया।
अपने भाषण में उन्होंने तथ्यात्मक गलती करते हुए कहा कि भारत 200 साल तक अमेरिका का गुलाम रहा। इससे पहले तीरथ सिंह रावत फटी जींस पर बयान देकर कई दिन तक विपक्ष समेत कई नेताओं के निशाने पर रहे थे। आपको बता दें कि तीरथ के कार्यभार संभालने के एक हफ्ते के अंदर ही वह विवादों में घिर गए थे। फटी जींस मामले विवाद के बाद उनका दूसरा वीडियो गुरुवार को वायरल होने के बाद विपक्षियों के विरोध के स्वर भी तेज हो गए हैं।
वह श्रीनगर के कालेज का किस्सा सुनाते हुए लड़कियों के शॉर्टस पर टिप्पणी करते सुनायी दे रहे हैं। इससे पहले उन्होंने महिलाओं के ‘फटी जींस’ पहनने को लेकर टिप्पणी की थी। उनकी टिप्पणी का राज्य में जगह जगह विरोध हुआ था। सीएम को घिरता देख उनकी पत्नी डॉ. रश्मि रावत बचाव को आगे आई थीं।
तीरथ के बचाव में वीडियो जारी करते हुए उनका कहना था कि तीरथ ने जिस संदर्भ में यह बात कही है, उसका गलत मतलब निकाला गया है। उनके अनुसार, सिर्फ एक शब्द को पकड़कर विपक्षियों ने मुद्दा बना लिया है।
बता दें कि सीएम तीरथ के बयान को लेकर देहरादून, हरिद्वार समेत कई शहरों में कांग्रेस ने प्रदर्शन भी किया था। यही नहीं, सोशल मीडिया पर भी मुख्यमंत्री की टिप्पणी का जमकर विरोध हुआ था। तीरथ ने कहा था कि, आज कल के युवा घुटनों पर फटी पैंट पहनकर खुद को बड़े बाप का बेटा समझते हैं। ऐसे फैशन में लड़कियां भी पीछे नहीं हैं।
उन्होंने अपनी एक हवाई यात्रा का जिक्र करते हुए एक महिला सहयात्री की रिप्ड जींस को लेकर भी टिप्पणी की। इससे पहले भी सीएम तीरथ के बयान के बाद विपक्षियों ने उन्हें घेरा था। तीरथ ने हरिद्वार में आयोजित एक कार्यकम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना भगवान कृष्ण और राम से करते हुए कहा था कि एक दिन लोग पीएम मोदी की पूजा करेंगे। उनके इस बयान की भी काफी आलोचना की गई थी।


Download Android App
Download iOS App



