केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद हिंसा के एक मामले की जांच के सिलसिले में उत्तर 24 परगना जिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एजेंसी के एक सूत्र ने शुक्रवार को बताया कि 2 मई को विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक कार्यकर्ता की मां की हत्या के आरोपी रतन हल्दर को जगदल इलाके से पकड़ा गया है।
केंद्रीय एजेंसी ने चुनाव नतीजों की घोषणा के बाद भाजपा के एक कार्यकर्ता की हत्या में शामिल होने के आरोप में 28 अगस्त को नदिया जिले से दो और लोगों विजय घोष तथा आसिमा घोष को गिरफ्तार किया था। सीबीआई ने बीरभूम जिले में चुनाव के बाद हिंसा के एक अन्य मामले में गुरुवार को आरोप पत्र दायर किया था। ‘‘जघन्य अपराधों’’ की जांच सौंपे जाने के बाद से पहली बार उसने आरोपपत्र दायर किया था।
रामपुरहाट अदालत के समक्ष दायर आरोप पत्र में भाजपा कार्यकर्ता की हत्या में कथित तौर पर शामिल दो आरोपियों के नाम हैं। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने कथित हत्या और बलात्कार के मामलों की जांच सीबीआई को सौंपने का 19 अगस्त को आदेश दिया था। अभी तक एजेंसी ने भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या या अन्य जघन्य अत्याचारों में कथित तौर पर शामिल लोगों के खिलाफ कुल 34 प्राथमिकियां दर्ज की हैं।


Download Android App
Download iOS App



