तमिलनाडु के विभिन्न स्थानों पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की छापेमारी जारी है। ये छापेमारी ‘अंसारुल्ला’ आतंकवादी मॉड्यूल मामले की एनआईए की जांच के तहत की जा रही है। पुलिस ने शनिवार को बताया कि ये छापेमारी चेन्नई, मदुरै, तिरुनेलवेली और रामनाथपुरम जिलों में की जा रही है।
इस संबंध में पुलिस की ओर से ज्यादा जानकारी फिलहाल नहीं दी गई है। इस छापेमारी से एक दिन पहले एनआईए की विशेष अदालत ने जांच एजेंसी को उन 16 लोगों को आठ दिन की हिरासत में लेने की अनुमति दी थी जो आतंकवादी संगठन “अंसारुल्ला” बनाने का कथित तौर पर प्रयास कर रहे थे।
योगी सरकार को प्रियंका गांधी से डर क्यों लगता है : सुरजेवाला
एनआईए ने कहा था कि एजेंसी को आरोपियों को हिरासत में लेने की इसलिए जरूरत है ताकि उन्हें जांच के दौरान उनके खिलाफ एकत्रित किए गए साक्ष्यों की पुष्टि के लिए विभिन्न स्थानों पर ले जाया जा सके। एनआईए अदालत में अभियोजन पक्ष ने दलील दी कि आरोपियों ने आईएसआईएस और अल-कायदा जैसे आतंकवादी संगठनों को सहायता दी है।
गौरतलब है कि तमिलनाडु में ‘अंसारुल्ला’ नाम का आतंकवादी संगठन बनाने का कथित तौर पर प्रयास करने के लिए सऊदी अरब से भारत भेजे जाने के बाद 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था जबकि दो को पिछले शनिवार को राज्य से गिरफ्तार किया गया।


Download Android App
Download iOS App



