असम चुनाव: आंचलिक गण मोर्चा ने मतगणना की वीडियोग्राफी कराने का किया अनुरोध

Summary :

असम में कांग्रेस नीत विपक्षी ‘महाजोत’ के घटक दल आंचलिक गण मोर्चा (एजीएम) ने रविवार को निर्वाचन आयोग से राज्य में दो मई को होने वाली मतगणना की वीडियोग्राफी कराने का अनुरोध किया है।

असम में कांग्रेस नीत विपक्षी ‘महाजोत’ के घटक दल आंचलिक गण मोर्चा (एजीएम) ने रविवार को निर्वाचन आयोग से राज्य में दो मई को होने वाली मतगणना की वीडियोग्राफी कराने का अनुरोध किया है।
एजीएम के अध्यक्ष तथा राज्यसभा सदस्य अजित कुमार भुइयां ने आयोग को लिखे पत्र में कहा कि आयोग को विधानसभा चुनाव की पूरी प्रक्रिया के दौरान राज्य की नौकरशाही पर निर्भर होना पड़ा है। उन्होंने दावा किया कि इस बात की ”चिंता” है कि कर्मचारियों के कुछ वर्ग सत्तारूढ़ भाजपा के पक्ष में काम करते हुए ”मतगणना में हेरफेर कर सकते” हैं।
उन्होंने कहा, ”मतगणना को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने के लिये मैं चुनाव आयोग से ‘निर्वाचनों का संचालन नियम, 1961’ के अनुसार ऐसे सभी संभव कदम उठाने और समय-समय पर आयोग द्वारा अधिसूचना जारी किये जाने का अनुरोध करता हूं। पारदर्शिता के लिये ऐसा ही एक कदम पूरी मतगणना प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराना है।”

Desk Team