झारखंड के दुमका हत्याकांड को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) राज्य की झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) सरकार पर हमलवार है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर अपराधियों को बचाने का आरोप लगाते हुए एसडीपीओ नूर मुस्तफा के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की है।
बाबूलाल मरांडी ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि इस राज्य में आदिवासी सबसे ज्यादा पीड़ित और प्रताड़ित रहे। दुमका के SP ने बाकी केसों की कार्रवाई के लिए DSP नूर मुस्तफा के बारे में DIG को पत्र लिखा। पीड़िता की उम्र 16 साल थी लेकिन FIR में 19 साल दिखाया। इन्होंने (हेमंत सोरेन) अपराधियों को बचाने की कोशिश की। धारा 120 B के तहत नूर मुस्तफा के ऊपर भी केस दर्ज होना चाहिए।
दरअसल, बाबूलाल मरांडी ने हाल ही में ट्वीट करके कहा था, ‘खबरों के मुताबिक़ दुमका में अंकिता को जलाये जाने के मामले में वहां के डीएसपी नूर मुस्तफा ने शुरू से ही अभियुक्त शाहरुख हुसैन को बचाने का प्रयास किया, एफआईआर में नाबालिग की जगह बालिग लिखवा दिये जाने की बात खबरों में आ रही है।
हटाए गए एसडीपीओ नूर मुस्तफा
इन खबरों के बीच एसडीपीओ नूर मुस्तफा को हटा दिया गया है, हालांकि उनके खिलाफ कोई केस दर्ज नहीं किया गया है। दुमका एसपी अंबर लकड़ा ने जानकारी देते हुए कहा कि एसडीपीओ नूर मुस्तफा को मामले की निगरानी से हटा दिया गया है। उनके खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। अब मामले की जांच निरीक्षक स्तर के पुलिस अधिकारी करेंगे, जिसकी निगरानी एसपी स्तर के अधिकारी करेंगे।
बता दें कि दुमका के जरुआडीह मुहल्ले की रहने वाली अंकिता सिंह को उसी मौहल्ले में रहनेवाला शाहरुख नामक युवक पिछले कुछ महीनों से परेशान कर रहा था। उसने उसका मोबाइल नंबर कहीं से हासिल कर लिया था और उसे फोन पर बात करने और शादी के लिए दबाव डाल रहा था। अंकिता ने घरवालों ने एक बार शाहरूख को समझाया भी था, लेकिन उसकी हरकतें बंद नहीं हुईं।
बीते 22 अगस्त की रात उसने अंकिता को फोन पर उसे जान से मारने की धमकी दी और कुछ ही घंटे बाद मंगलवार सुबह पांच जब घर के सभी लोग सो रहे थे, तभी शाहरुख ने कमरे में अकेले सो रही अंकिता पर खिड़की के जरिए पेट्रोल छिड़का और उसके बाद आग लगा दी। जलती हुई अंकिता ने शोर मचाया तो घर के लोग जागे। उसने खिड़की से शाहरुख को पेट्रोल का केन लेकर भागते हुए देखा।


Download Android App
Download iOS App



