केन्द्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु नियंत्रण राज्य मंत्री बाबुल सुप्रियो ने कहा है कि वह आसनसोल औद्योगिक क्षेत्र में अत्यधिक प्रदूषण फैलाने के लिए जिम्मेदार उद्योगों के खिलाफ कदम उठायेंगे। बाबुल सुप्रियो ने रविवार को ट्विटर पर कहा कि वह स्थानीय निवासियों की शिकायतों की जांच के लिए केंद्र सरकार के अधिकारियों को बख्तियारनगर और अपकारगार्डन भेजेंगे।
गौरतलब है कि आसनसोल में रामकृष्ण मिशन आश्रम के सचिव ने आसनसोल दुर्गापुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष तापस बनर्जी एक पत्र लिखा था जिसमें आरोप लगाया गया कि इलाके में सीमेंट की फैक्ट्रियों के कारण 1500 से अधिक छात्र गंभीर वायु प्रदूषण से परेशान हैं। इसके बाद बाबुल सुप्रियो ने यह ट्वीट किया है। बाबुल सुप्रियो ने अपने ट्वीट में सीमेंट, स्पंज आयरन और फेरो धातुओं की फैक्ट्रियों का जिक्र किया है।
उन्होंने इन फैक्ट्रियों के प्रदूषण फैलाने के बारे में शिकायतों का विवरण भी मांगा है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार मंत्री ने कहा है कि प्रदूषण फैलाने वाली इन इकाईयों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने प्रदूषण का स्तर बढ़ने के कारण आसनसोल और दुर्गापुर को देश के सबसे अधिक प्रदूषित 30 शहरों की सूची में शामिल किया है और ये क्षेत्र बाबुल सुप्रियो के मंत्रालय के अंतर्गत आते हैं।


Download Android App
Download iOS App



