नैनीताल : जनपद में 17वें जिलाधिकारी के रूप में शासन से स्थानान्तरित होेकर आए सविन बंसल ने शनिवार की सुबह तत्कालीन जिलाधिकारी विनोद कुमार सुमन से कार्यभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने कोषागार पहुंचकर चार्ज लेकर कलैक्ट्रेट के विभिन्न पटलों का मुआयना किया। साथ ही अधिकारियों व कर्मचारियों से मुलाकात भी की।
इस दौरान पत्रकारों से वार्ता करते हुए नवनियुक्त जिलाधिकारी बंसल ने कहा कि नैनीताल सहित जिले में पार्किंग व सुलभ यातायात व्यवस्था करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। नैनीताल में मैट्रोपोल, चारखेत, कैलाखान में पार्किंग की डीपीआर बना कर शासन को भेजा जायेगा। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए पुलिस महकमें के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्था सुधारी जायेगी। उन्होंने कहा कि बलियानाला भूस्खलन की समस्या का भी समाधान किया जाएगा। बलियानाला में जापानी संस्था जायका द्वारा सर्वे का कार्य चल रहा है।
जल्दी ही डीपीआर बनाकर शासन से बजट अवमुक्त कराकर इस समस्या का समाधान किया जायेगा। उन्होंने कहा कि भूस्खलन क्षेत्र में खतरे की जद में आये भवनों से जन सुरक्षा की दृष्टि से लोगों को हटाया जाएगा। साथ ही उनके विस्थापन की व्यवस्था भी की जायेगी। बंसल कहा कि पार्किंग के लिए नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में भी स्थान चिन्हित किये जायेंगे। पोर्टल के माध्यम से फरियादियों को अपडेट सूचना उपलब्ध कराई जायेगी।
उन्होंने कहा की पहाड़ों में खेती से रोजगार के साधन बढ़े इसके लिए पारंपरिक फसलों के उत्पादन पर खास फोकस किया जायेगा। उन्होंने कहा की वह स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर भी गंभीर है, जो अस्पताल महज रैफर सैंटर बन गये है, उनकी मानटेरिंग भी की जायेगी। सभी विवरण तलब किये जायेंगे कि मरीज को किन वजहों से रैफर किया गया। मानसून को देखते हुए आपदा से संबंधित बैठकें लगातार की जायेंगी, साथ ही माॅक ड्रिल की जायेगी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रशासन कैलाश टोलिया, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सुरेन्द्र सिंह जंगपांगी, मुख्य कोषाधिकारी अनीता आर्य, कोषाधिकारी मामूर जहां, सहायक कोषाधिकारी भूपेन्द्र सिंह बिष्ट, व्यैक्तिक अधिकारी कवीन्द्र पाण्डे, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, उप जिलाधिकारी विवेक राॅय, गौरव चिटवाल, विजयनाथ शुक्ल, जिला आबकारी अधिकारी राजीव चौहान के अलावा अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
– संजय तलवाड़


Download Android App
Download iOS App



