मध्य प्रदेश : मॉर्निंग वॉक पर गए भाजपा नेता मनोज ठाकरे की हत्या, खेत में मिला शव

Summary :

बालवाड़ी में भाजपा के मंडल अध्यक्ष मनोज ठाकरे की आज सुबह हत्या कर दी गई। वरला थाना प्रभारी दिनेश कुशवाह के अनुसार मनोज ठाकरे सुबह की सैर पर गए थे।

मध्य प्रदेश के बड़वानी के बालवाड़ी कस्बे में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मंडल अध्यक्ष मनोज ठाकरे की आज सुबह हत्या कर दी गई। वरला थाना प्रभारी दिनेश कुशवाह के अनुसार मनोज ठाकरे सुबह की सैर पर गए थे। कुछ देर बाद उनका शव खेत के पास मिला। हत्या किसने और क्यों की, यह सब पता लगाया जा रहा है।

कुशवाह ने कहा कि 48 वर्षीय मनोज ठाकरे की हत्या उस समय की गई, जब वे मॉर्निंग वॉक पर गए थे। सुबह सवा पांच बजे ठाकरे प्रतिदिन की तरह अकेले मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे और बालवाड़ी से एक किलोमीटर दूर उनकी लाश सड़क से 25 फीट दूर एक खेत में मिली। उनका मफलर और ऊनी टोपा सड़क पर मिला, जबकि उनका रक्तरंजित शव सड़क से करीब 25 फीट दूर मिला। संभवत: उन्हें सड़क से खेत तक तक घसीटने के उपरांत हत्या की गई। एक रक्तरंजित पत्थर भी घटनास्थल के समीप मिला है।

BJP leader Manoj Thackeray

मध्यप्रदेश : मंदसौर में बीजेपी नेता की गोली मारकर हत्या, लोगों ने किया हंगामा

कुशवाहा ने बताया कि मनोज ठाकरे को सिर में चोट हैं और विधि विज्ञान विशेषज्ञ (एफएसएल) की टीम के परीक्षण से पता चल सकेगा कि हत्या किस चीज से की गई है। बता दें कि ठाकरे तीसरी बार भाजपा मंडल अध्यक्ष बने थे और उनके परिवार में पत्नी, एक पुत्र तथा दो पुत्रियां हैं।

मध्य प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री तथा सेंधवा के पूर्व भाजपा विधायक अंतर सिंह आर्य के मुताबिक उन्हें संदेह है कि यह राजनीतिक द्वेष के चलते की गई हत्या है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति चरमरा गई है और भय का वातावरण है। आर्य ने कहा कि वे फिलहाल भोपाल में है और घटना की सूचना मिलते ही बालवाड़ी के लिए रवाना हो गए हैं। मनोज ठाकरे आर्य के करीबी माने जाते हैं।

इसके पीछे बड़ी साजिश लगती है : शिवराज

Shivraj Chouhan

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कांग्रेस बदलाव की बात करती थी, लेकिन यह बदलाव क्या है? यहां हत्याएं शुरू हो गई हैं, एक हत्या इंदौर में और फिर मंदसौर में एक बीजेपी नेता की हत्या कर दी गई। बड़वानी में एक अन्य भाजपा नेता की हत्या कर दी गई थी। अपराधी आज निर्भीक हैं। कानून और व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई। उन्होंने कहा कि सरकार इसे हल्के में ले रही है। इसके पीछे बड़ी साजिश लगती है (मंदसौर में भाजपा नेता की हत्या)। मैं सीबीआई जांच की मांग करता हूं। बड़वानी में बीजेपी नेता की हत्या कर दी गई, मैंने सरकार को चेतावनी दी है कि वह ऐसी घटनाओं को रोकें अन्यथा बीजेपी सड़कों पर उतरेगी।

Desk Team