‌बिहार : शराब छापेमारी करने पहुंची पुलिस की पिटाई, थानाध्यक्ष समेत 6 घायल

Summary :

NULL

बिहार के भोजपुर जिले में शुक्रवार देर रात शराबबंदी अभियान के तहत छापेमारी करने गई पुलिस बल पर शराब माफियाओं ने जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस पर ईंट पत्थर बरसाए गए। इस दौरान पुलिस की कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं जबकि नवादा थानाध्यक्ष समेत आधा दर्जन पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। घायलों का इलाज आरा सदर अस्पताल में चल रहा है।

घटना जिले के नवादा थाना क्षेत्र के चंदवा महादलित टोले की है। बताया जा रहा है कि जिले के नवादा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चंदवा स्थित महादलित बस्ती में कुछ शराब माफियाओं द्वारा शराब की खेप जमा कर खरीद बिक्री की जा रही है। नवादा थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने दलबल के साथ चंदवा महादलित टोले में छापेमारी अभियान चलाया, उसी दौरान शराब माफिया आक्रोशित हो गए और पुलिस बल पर ईंट पत्थर से हमला कर दिया।

घटना में नवादा थानाध्यक्ष सुबोध कुमार समेत करीब आधा दर्जन पुलिसकर्मी बुरी तरह से जख्मी हो गए हैं जिन्हें तत्काल स्थानीय लोग व मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया। मामले की जानकारी मिलते ही सदर एसडीपीओ पंकज कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंच पूरे घटनाक्रम की छानबीन में जुट गए हैं।

पंकज कुमार ने बताया कि इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है। पकड़े गए सभी लोगों पर कानून संगत कार्रवाई करते हुए अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Desk Team