विश्व हिंदू परिषद (विहिप) पश्चिम बंगाल में बड़े पैमाने पर रामनवमी मनाने की योजना बना रहा है। इस बाबत संगठन ने पूरे राज्य में 700 जुलूस निकालने का फैसला किया है। विहिप की बंगाल इकाई के प्रवक्ता सौरिश मुखर्जी ने आईएएनएस से कहा, ‘पिछले वर्ष, हमने इस पर्व का आयोजन बड़े पैमाने पर किया था। इस वर्ष हम उससे भी बड़ा आयोजन करेंगे।’ मुखर्जी ने कहा कि पिछले वर्ष लगभग 40 लाख लोगों ने इस उत्सव में भाग लिया था और इसबार इस संख्या में इजाफा होगा।
मुख्य क्षेत्रों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि संगठन को उत्तर दिनाजपुर जिले के इस्लामपुर में 1.5 लाख से दो लाख लोगों के एकत्रित होने की संभावना है। इस्लामपुर रायगंज संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आता है, जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लोकसभा चुनाव में इसबार अपराजेय ताकत दिख रही है। रायगंज में रामनवमी उत्सव के चार दिन बाद 18 अप्रैल को मतदान होने वाले हैं।
मुखर्जी ने हालांकि इस्लामपुर में चुनाव और जुलूस के बीच कोई संबंध होने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, ‘हम एक हिंदुत्व संगठन हैं। हमारा उद्देश्य हिंदू समाज को एकजुट और मजबूत करना है। हमारा कोई राजनीतिक एजेंडा नहीं है। हम राजनीति में संलिप्त नहीं होते हैं।’ यह पूछे जाने पर कि क्या जुलूस में शामिल लोग अपने साथ हथियार रखेंगे? उन्होंने कहा, ‘पहली बार जुलूस निकाले जाने वाले कई क्षेत्रों में कोई भी अपने पास हथियार नहीं रखेगा। लेकिन पुरुलिया, मिदनापुर और खड़गपुर जैसे क्षेत्रों में, पारंपरिक हथियारों को रखने की परंपरा है। इसलिए, प्रतिभागी अपने पास हथियार रख सकते हैं।’


Download Android App
Download iOS App



