दिग्विजय सिंह बोले- भोपाल की आवाज बनने आया हूं

Summary :

दिग्विजय ने कहा कि ये चुनाव बेरोजगारी और खुशहाली, नफरत और भाईचारे, आपसी वैमनस्य और राष्ट्रीय एकता, जुमलों और असली वायदों के बीच है।

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के भोपाल से लोकसभा उम्मीदवार दिग्विजय सिंह ने राजधानी के लोगों से कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री के तौर पर करीब एक दशक समेत लंबा समय यहां की जनता के साथ बिताया और अब एक बार फिर राजधानीवासियों की आवाज बनने उनके बीच आए हैं।

दिग्विजय सिंह ने अपने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा कि अपने 40 साल से ज्यादा के राजनीतिक जीवन में उन्होंने मुख्यमंत्री के रूप में एक दशक और कांग्रेस के सिपाही के तौर पर सालों भोपाल की जनता के साथ बिताए हैं। इसके बाद एक बार फिर भोपालवासियों की आवाज बनने के लिए वे कांग्रेस की तरफ से आए हैं।

उन्होंने कहा कि वे युवाओं की उम्मीदें पूरी करने, महिलाओं की सुरक्षा और संघर्ष और आमजन की आमदनी दोगुनी करने के वादे के साथ भोपाल में कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि चार महीने की कमलनाथ सरकार ने किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए जो इच्छाशक्ति दिखाई है, उसे लागू कराने के लिए वे प्रतिबद्ध हैं।

दिग्विजय ने शिवराज को दी खुली बहस की चुनौती

दिग्विजय ने कहा कि ये चुनाव बेरोजगारी और खुशहाली, नफरत और भाईचारे, आपसी वैमनस्य और राष्ट्रीय एकता, जुमलों और असली वायदों के बीच है। उन्होंने स्वयं को भोपाल से प्रत्याशी बनाने पर पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ का आभार व्यक्त किया।

प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने कल अपने सिलसिलेवार ट्वीट में दिग्विजय सिंह पर उनके मुख्यमंत्रित्वकाल में प्रदेश का विकास रोकने और कई योजनाओं में रोड़े अटकाने का आरोप लगाया था। इसके बाद दिग्विजय सिंह के ये ट्वीट सामने आए हैं।

Desk Team