छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दंतेवाड़ा उपचुनाव में जीत का दावा किया है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस भारी मतों से जीतने जा रही है और बस्तर की सभी 12 सीटें अब कांग्रेस की होंगी। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि चुनाव में दंतेवाड़ा विकास एक प्रमुख मुद्दा है। 15 साल का विकास मॉडल सबने दिखाया है।
डॉ रमन सिंह और भाजपा के विकास मॉडल में गरीब और भी गरीब हुआ है, जबकि कांग्रेस सरकार गरीबी दूर करने पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक मजबूत और सुपोषित बस्तर उनकी कल्पना है। सरकार आदिवासी इलाकों की बेहतरी के लिए कृत संकल्पित है। जेल में बंद निर्दोष आदिवासियों को रिहा करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि आदिवासियों को रिहा करने के मामले अदालत में हैं। प्रदेश सरकार की तैयारी चल रही है। सारी बातें आयोग के सामने रखी जायेगी।
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह पर कटाक्ष करते हुये भूपेश बघेल ने कहा कि वर्तमान में जितनी भी जांचें चल रही हैं, उसकी शुरूआत उनकी सरकार में हुई थी। अब इस पर फैसले आ रहे हैं। इससे पूर्व मुख्यमंत्री डरे हुये हैं। पूर्व आईएएस और भाजपा नेता ओपी चौधरी के कार्यकाल के दौरान हुई गड़बड़ियों के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसे लेकर उन्हें कई शिकायतें मिली हैं। सभी मामलों की जांच करवा कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।


Download Android App
Download iOS App



