भुवनेश्वर : सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) ने आज कांग्रेस से ओड़िशा की बीजेपुर विधानसभा सीट छीन ली। बीजद उम्मीदवार रीता साहू ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा उम्मीदवार अशोक पाणिग्रही को 41,933 मतों से शिकस्त दी। चुनाव आयोग ने कहा कि रीता को 1,02,871 वोट मिले जबकि पाणिग्रही के खाते में 60,938 वोट गए। कांग्रेस के प्रणय साहू 10,274 वोट के साथ तीसरे स्थान पर रहे और उनकी जमानत जब्त हो गई। भाजपा को 2014 के विधानसभा चुनाव में बीजेपुर में 30,001 वोट मिले थे। निर्वाचन अधिकारी तापीराम मांझी ने कहा कि करीब 1,684 मतदाताओं ने 24 फरवरी को हुए उपचुनाव में नोटा (उपरोक्त में से कोई नहीं) का चयन किया। पिछले साल अगस्त में कांग्रेस विधायक सुबल साहू के निधन के बाद सीट पर उपचुनाव की जरूरत पड़ी। सुबल लगातार तीसरी बार यहां से विधायक चुने गए थे। बीजद ने सुबल की पत्नी रीता को उम्मीदवार के रूप में उतारा था जबकि पाणिग्रही बीजद छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा कि उपचुनाव के नतीजे का ओडिशा में आगे होने वाले चुनावों पर असर पड़ेगा।
उन्होंने ‘‘भारी जीत’’ दिलाने के लिए बीजेपुर के लोगों का आभार जताया। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैं बीजद को अपना आशीर्वाद देने के लिए बीजेपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों के प्रति तहेदिल से आभार जताना चाहूंगा।’’ बीजेपुर में चुनाव से पहले हुई हिंसा के बारे में पूछे जाने पर पटनायक ने कहा कि ओडिशा एक शांतिपूर्ण राज्य है। उन्होंने कहा, ‘‘लोग लोकतंत्र में हिंसा के लिए खड़े नहीं होंगे।’’ पटनायक ने ट्विटर पर लिखा कि ओडिशा के लोग शांतिप्रिय हैं और उन्होंने नफरत एवं हिंसा की राजनीति को नकार दिया है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘बीजद को भारी जीत दिलाने के लिए बीजेपुर के लोगों के प्यार एवं विश्वास से अभिभूत हूं। बीजद ओडिशा के लोगों के दिलों में है।’’
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App



